आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 25 सितम्बर 2020-- जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ0 वीके शर्मा ने बताया है कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यगण को बेविनार (गूगल मीट) के माध्यम से मीटिंग करते हुए निर्देश दिये गये हैं,जिसके अन्तर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में भूमि, भवन, चल-अचल सम्पत्तियों, प्राभूत कोष, शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों की संख्या, शिक्षण विषय, वित्तीय स्थिति, राजकीय अनुदान शुल्काय का वेतन खातों में अन्तरण, आरक्षित निधि, छात्र निधि आदि से सम्बन्धित सूचना माध्यमिक शिक्षा परिषद (upmsp.edu.in) की वेबसाइट पर लिंक Directorate of Education: Click here to upload details related to the teacher and non-teaching staff and management of non-government aided secondary schools. पर अपलोड करें। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में दिनांक 30 दिसम्बर 2000 के उपरान्त इण्टरमीडिएट शिक्षा अधिनियम, 1921 की धारा-16ई (11) के अन्तर्गत तदर्थ रूप से नियुक्त शिक्षकों के सम्बन्ध में निर्धारित प्रारूप पर अविलम्ब सूचना कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (N.E.P.) के अन्तर्गत 08 तहसीलों में नोडल नामित किये गये है, जिन्हें इस सम्बन्ध में अपने-अपने तहसीलों में की गयी कार्यवाही की प्रगति एवं आख्या उपलब्ध कराये जाने का निर्देश दिया गया। शासन द्वारा समस्त शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के सम्बन्ध में कार्यालय स्तर से तहसील प्रभारी नियुक्त किये गये है, जो आवंटित तहसीलों में अपने समक्ष शिक्षकों के मूल शैक्षिक प्रमाण-पत्रों का मिलान करायेंगे, जिसके लिए प्रधानाचार्य स्वयं तथा एक सहायक के साथ समस्त शिक्षकों के मूल शैक्षिक प्रमाण-पत्र का मिलान करायेगे। शासन द्वारा माध्यमिक विद्यालयों में लाकडाउन की अवधि में वर्चुवल क्लास एवं ई-ज्ञानगंगा के माध्यम से पठन पाठन हेतु कक्षा 9 एवं 11 का स्वयं प्रभा चैनल-22 (डीटीएच, डिश टीवी तथा जियो टीवी ऐप) पर पूर्वान्ह 11.00 बजे से 01.00 बजे तक एवं अपरान्ह 04.30 बजे से 06.30 बजे तक एवं कक्षा 10 एवं 12 दूरदर्शन उ0प्र0 (डी0डी0, यू0पी0) अपरान्ह 01.00 बजे से 02.00 तक, 02.30 बजे से 03.00 तक, 03.30 बजे से 05.00 बजे तक, 05.30 बजे से 06.30 बजे तक प्रसारित हो रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने समस्त प्रधानाचार्यगण को निर्देशित किया है कि कक्षावार, विषयवार समय-सारिणी का व्यापक प्रचार प्रसार कराते हुए सम्बन्धित छात्र-छात्राओं को समय सारिणी से अवगत कराये। जनपद में दिनांक 01 अक्टूबर 2020 से 31 अक्टूबर 2020 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। उक्त के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देश के अनुसार अभिभावकों, शिक्षकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर संचारी रोगों जैसे दिमागी बुखार एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव, रोकथाम एवं उपचार हेतु संवेदीकरण किया जाना है।