आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 15 अक्टूबर-- जनपद स्तर पर कृषि विज्ञान केंद्र कोटवा आजमगढ़ तथा समस्त विकास खंडो पर विश्व महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। जनपद स्तर के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की भूमिका में श्रीमती नीलम सोनकर पूर्व सांसद लालगंज आजमगढ़ एवं प्रदेश उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश रहीं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण व नई कृषि नीति 2020 पर चर्चा करते हुए बताया कि यह नीति लघु एवं सीमान्त किसानों के लिए अत्यंत ही हितैषी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ0 आरके सिंह प्रभारी अधिकारी कृषि विज्ञान केंद्र ने की। जिला कृषि अधिकारी डाॅ0 उमेश चन्द गुप्ता ने कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने केंद्र के क्रियाकलापों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को समूह बनाकर कार्य करने हेतु प्रेरित किया। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान के अंतर्गत प्रवासी स्वजनों के क्षमता अभिवृद्धि हेतु समन्वित कृषि प्रणाली विषयक तीन दिवसीय प्रशिक्षण का भी शुभारंभ किया गया।
प्रगतिशील सफल कृषि उद्यमी वंश गोपाल सिंह, प्रो0 जय भारत नर्सरी आजमगढ़ द्वारा नर्सरी उत्पादन के क्षेत्र में उद्यमिता विकास के लिए तकनीकी जानकारी दी गई। सुश्री जयंती राजभर ने महिलाओं को और ज्यादा अधिकार देने हेतु अपील की, जिससे कि वो आत्मनिर्भर बन सके।
महिला किसान दिवस पर कुछ सफल महिला किसानों को उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु पुरस्कृत किया गया, उनमें सुशीला देवी, सरोजनी, लक्ष्मी व किरन सहित कई महिलाओं को सम्मानित किया गया।एक प्रश्नोत्तरी के माध्यम से भी महिला किसानों को पुरस्कृत किया गया, जिसमें दयाल फर्टीलाइजर द्वारा प्रदत्त सल्फर, सूक्ष्म पोषक तत्व मिश्रण आदि तथा इफ्फको की तरफ से वेस्ट डिकम्पोजर का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में डाॅ रुद्र प्रताप सिंह, डॉ रणधीर नायक, राणा पीयूष कुमार सिंह, उपमन्यु सिंह, हरिनाथ यादव, डॉ सी एल शर्मा आदि ने किसान महिलाओं को विभिन्न विषयों पर तकनीकी जानकारी दी। कुल 50 से अधिक किसान महिलाओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।


