आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 25 मार्च-- जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की माह मार्च 2021 की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण, प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना, गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, चाइल्ड रजिस्ट्रेटशन, परिवार नियोजन, आशाओं का भुगतान, आयुष ओपीडी, टीबी मरीजों का अंकन आदि बिन्दुओं की विस्तार से समीक्षा की गयी।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में अतरौलिया, परशुरामपुर, पवई, सठियांव, मुबारकपुर, ठेकमा व बरदह में भुगतान में खराब प्रगति पाये जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एमओआईसी को कड़े निर्देश दिये कि प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द भुगतान कराना सुनिश्चित करें, जिससे कि जनपद की रैंकिंग में सुधार हो।
प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना की समीक्षा में आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष फीडिंग की प्रगति बेहद खराब पाये जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित डीसीपीएम को निर्देश दिये कि आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष फीडिंग की प्रगति बढ़ाना सुनिश्चित करें।
आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की फीडिंग कम पाये जाने पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि आउटसोर्सिंग के माध्यम से आपरेटरों को रखकर पोर्टल पर फीडिंग की प्रगति को बढ़ाना सुनिश्चित करें।
इसी के साथ ही टी0बी0 मरीजों की सैम्पलिंग में खराब प्रगति पाये जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये कि टी0बी0 की सैम्पलिंग बढ़ाना सुनिश्चित करें, जिससे कि जनपद को टी0बी0 मुक्त किया जा सके।
इसी के साथ ही कोविड वैक्सीनेशन की समीक्षा में जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि कोरोना के संक्रमण के बढ़ने के कारण सभी लोग कोविड के गाइड लाइन का अनुपालन कड़ाई करें एवं लोगों को कड़ाई से अनुपालन करायें। उन्होने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोरोना की सैम्पलिंग बढ़ाना सुनिश्चित करें एवं कोविड वैक्सीनेशन एवं सैम्पलिंग की फीडिंग पोर्टल पर उसी दिन शत प्रतिशत हो जानी चाहिए। सर्विलांस टीम को एक्टिव करा दें। बस तथा ट्रेनों से आने वाले व्यक्तियों की सूचना कोविड कन्ट्रोल रूम को उपलब्ध करायें, जिससे कि उनकी सैम्पलिंग कराने हेतु निर्देश दिया जा सके एवं उनकी जॉच रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त होने पर उनको 7 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहने हेतु निर्देश दिया जा सके।
जिलाधिकारी ने डिप्टी सीएमओ डॉ0 वाईके राय को निर्देश दिये कि ट्रेनों से आने वाले व्यक्तियों की सैम्पलिंग कराने के लिए कर्मियों की संख्या बढ़ाना सुनिश्चित करें।
उन्होने निर्देश दिया कि पब्लिक एड्रेस सिस्टम का हर स्थानों पर कड़ाई से अनुपालन कराया जाय। इसी के साथ ही सभी को अपनी दुकानों, अस्पतालों में सेनिटाइजर का प्रयोग करने एवं मास्क लगाने हेतु कड़ाई से अनुपालन कराया जाय।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, सीएमओ डॉ0 एके मिश्रा, एसीएमओ डॉ0 संजय, डिप्टी सीएमओ डॉ0 वाईके राय, डॉ0 इफ्तेखार अहमद, जिला महिला अस्पताल की सीएमएस, जिला अस्पताल के एसआईसी, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य, बीएसए अम्ब्रीश कुमार, डीआईओएस डॉ0 वीके शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं समस्त एमओआईसी उपस्थित रहे।