Breaking News

मतगणना 02 मई को सम्बन्धित विकास खण्ड मुख्यालय के निर्धारित मतगणना केन्द्रों पर प्रातः 8. बजे से होगी शुरू।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ 26 अप्रैल-- जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पं0) राजेश कुमार ने त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 में सदस्य ग्राम पंचायत, प्रधान ग्राम पंचायत, सदस्य क्षेत्र पंचायत एवं सदस्य जिला पंचायत का निर्वाचन लड़ने वाले समस्त प्रत्याशियों को सूचित किया है कि सदस्य ग्राम पंचायत, प्रधान ग्राम पंचायत, सदस्य क्षेत्र पंचायत एवं सदस्य जिला पंचायत के पदों की मतगणना दिनांक 02 मई 2021 को सम्बन्धित विकास खण्ड मुख्यालय के निर्धारित मतगणना केन्द्रों पर प्रातः 08.00 बजे से कार्य की समाप्ति तक सम्पन्न करायी जायेगी। मतगणना न्याय पंचायतवार निर्धारित कक्षों में की जाएगी। प्रत्येक न्याय पंचायत में 04 मतगणना टेबल लगायी जायेंगी। प्रत्येक मतगणना मेज पर एक-एक ग्राम पंचायत के समस्त मतदान स्थलों की तथा चारों पदों की मतगणना बूथवार निर्धारित क्रमानुसार करायी जाएगी। एक मतगणना मेज पर एक ग्राम पंचायत की मतगणना पूर्ण होने के उपरान्त अगले क्रम में निर्धारित ग्राम पंचायत की मतगणना की जाएगी। प्रत्येक मतगणना मेज पर मतगणना हेतु निर्धारित ग्राम पंचायत के आधार पर सदस्य ग्राम पंचायत, प्रधान ग्राम पंचायत, सदस्य क्षेत्र पंचायत एवं सदस्य जिला पंचायत हेतु 01 गणना अभिकर्ता की नियुक्ति की जायेगी। 
उन्होने निर्वाचन लड़ने वाले समस्त प्रत्याशियों से अपील किया है कि वे अपने मतगणना अभिकर्ता की नियुक्ति सम्बन्धित निर्वाचन अधिकारी से सम्पर्क कर यथाशीघ्र करा लें। मतगणना अभिकर्ता का पास भी निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी किया जायेगा। लोक सेवक, लाभ का पद धारण करने वाले, सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति एवं आपराधिक इतिहास वाले व्यक्तियों को मतगणना अभिकर्ता नहीं बनाया जायेगा। मतगणना टेबल पर एक समय में उम्मीदवार, उसका मतगणना अभिकर्ता या निर्वाचन अभिकर्ता में से एक ही व्यक्ति उपस्थित रहेगा। 

और नया पुराने