आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
कप्तानगंज/आजमगढ़। थाना कप्तानगंज क्षेत्र में महराजगंज रोड स्थित राधा फैमिली रेस्टोरेंट में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई में होटल मालिक सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 5 युवक और 4 युवतियां शामिल हैं। मौके से नगदी, मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आईजीआरएस पोर्टल पर रेस्टोरेंट में अवैध गतिविधियों के संचालन की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह के निर्देशन में 22 दिसंबर 2025 को थाना कप्तानगंज पुलिस ने रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। छापे के दौरान रेस्टोरेंट के कमरों से 4 युवक और 4 युवतियां आपत्तिजनक हालत में पाए गए।
पूछताछ में रेस्टोरेंट मालिक सर्वेश कुमार मौर्या ने अधिक आर्थिक लाभ के उद्देश्य से अनैतिक देह व्यापार संचालित कराए जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद सभी आरोपियों को दोपहर करीब 3:30 बजे हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रेस्टोरेंट मालिक सर्वेश कुमार मौर्या (28 वर्ष), निवासी ग्राम कबेलपुर कुम्हवट, थाना महराजगंज, आजमगढ़ शामिल है। अन्य 4 युवक थाना महराजगंज, कप्तानगंज, बिलरियागंज और जैदपुर (जनपद अंबेडकर नगर) क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि 4 युवतियां थाना महराजगंज, अहरौला और कप्तानगंज क्षेत्र की निवासी बताई गई हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ₹1980 नगद, 5 मोबाइल फोन, 4 पैकेट कंडोम और 3 मोटरसाइकिल बरामद कीं, जिन्हें धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है।
इस मामले में थाना कप्तानगंज पर मु0अ0सं0 420/25, धारा 3/4/5/7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी जयप्रकाश, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय सिंह गौड़, उपनिरीक्षक अमन तिवारी, महिला उपनिरीक्षक सानिया गुप्ता और महिला कांस्टेबल नीतू शुक्ला शामिल रहीं।