आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
पुलिस ने पूछताछ के लिए दर्जनों लोगों को उठाया।
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की दबिश जारी।
आजमगढ़: रौनापार थाना क्षेत्र के पलिया गांव के कुछ लोगों से मंगरी बाजार में डॉक्टर आनंद विश्वास के लड़के से किसी लड़की के मामले को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद मारपीट होने लगी। मारपीट में पलिया गांव के काफी लोग इकट्ठा हो हो गए। विवाद बढ़ता देख किसी ने इसकी सूचना रौनापार थाने को दी।
अभी विवाद चल ही रहा था इसी बीच रौनापार थाने के दो सिपाही विवेक त्रिपाठी और मुखराम यादव मौके पर पहुंच गए। लोगों को डांट डपट कर हटाने की कोशिश की और विवाद सुलझाने का प्रयास किया। इस बीच किसी बात को लेकर पलिया गांव के प्रधान पति मुन्ना पासवान से सिपाहियों की तू तू मैं मैं हो गई। एक सिपाही ने मुन्ना पासवान को मौके पर ही दो-तीन थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद आक्रोशित गांव के लोग दोनों सिपाहियों पर टूट पड़े और जमकर पिटाई कर दी। जिसमें दोनों सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए।
बुधवार को इस मामले में रौनापार पुलिस ने वादी हेड कांस्टेबल मुखराम यादव की तहरीर पर 16 नामजद और सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ 147/ 148/ 149/ 330/ 333/ 352/ 353/ 406/ 307/ 308/ 188/ 269/ 270 एवम् सेवन क्रिमिनल एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
इस मामले में दूसरा मुकदमा डॉ आनंद विश्वास के पुत्र लिट्टन की तहरीर पर दर्ज किया गया है। जिसमें 12 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए कई जगहों पर दबिश दी है। गांव के अधिकांश पुरुष पुलिस के भय से गांव छोड़कर फरार हो गए हैं । कई लोगों के घरों में ताले लटके हुए हैं। पुलिस पर हमला करने के प्रमुख आरोपियों के घरों में पुलिस ने मंगलवार की रात में ही जमकर तोड़फोड़ की । जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
