आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 01 जुलाई-- आज जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में भारत अमृत महोत्सव अन्तर्गत प्रधानमन्त्री फसल बीमा योजना सप्ताह का शुभारम्भ किया।
बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अग्रणी जिला बैंक प्रबन्धक, कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी, जिला प्रबन्धक बीमा कम्पनी, बैंक शाखा प्रबन्धक एवं जनपद में सबसे अधिक फसल क्षतिपूर्ति पाने वाले 10 कृषक उपस्थित थे।
जिला कृषि अधिकारी डॉ0 उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि गत खरीफ 2020 में कुल 12334 कृषकों द्वारा फसल बीमा कराया गया था, जिसमें तहसील सगड़ी अन्तर्गत बाढ़ से हुई फसल क्षति के रूप में 20.93 लाख रू0 335 कृषकों को उपलब्ध कराया गया तथा फसल कटाई प्रयोग के आधार पर कुल 1400 कृषकों को रू0 108.00 लाख का भुगतान डी0बी0टी0 के माध्यम से किया गया। इस प्रकार कुल 1735 कृषकों को रू0 129.36 लाख का भुगतान सम्बन्धित कृषकों को उनके बैंक खाते में किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा सबसे अधिक क्षतिपूर्ति प्राप्त करने वाले कृषक उमेश चन्द को रू0 160434.87, श्रीमती आशा देवी को रू0 159754.03, शेषभान को रू0 147675.98, श्रीमती विद्यावती को रू0 125138.58, श्रीमती द्रोपदी देवी को रू0 122648.26, रामचेत को रू0 122336.97, शोभी को रू0 116546.98, मनोज प्रभाकर को रू0 116422.46 एवं अशोक को रू0 113434.08 तथा फसल बीमा का प्रचार-प्रसार करने वाले कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्मिक विजय कुमार, मनोज कुशवाहा, रामाश्रय, सबसे अधिक कृषकों का फसल बीमा करने वाले इलाबाद बैंक शाखा मेंहनाजपुर, उमरी, भारतीय स्टेट बैंक शाखा वरडीहा, अक्षयवट, यूनियन बैंक आफ इण्डिया शाखा ठेकमा, देवगांव, अहरौला एवं सहज जन सेवा केन्द्रों के कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि दिनांक 02 जुलाई 2021 से जनपद में फसल बीमा योजना का प्रचार-प्रसार करने हेतु प्रचार वाहन बीमा कम्पनी द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा। जिलाधिकारी ने उप कृषि निदेशक को निर्देशित किया कि प्रचार वाहन का रूट चार्ट तैयार कर अवगत करायेl इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने लाभार्थी कृषकों, प्रतिनिधि बीमा कम्पनी, बैंकों तथा कृषि विभाग अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के कृषकों को अपनी फसल का बीमा कराने हेतु विशेष प्रचार-प्रसार कराया जाय तथा शेष क्षेत्रों में भी प्रधानमन्त्री फसल बीमा योजना का प्रचार-प्रसार कराकर कृषकों को प्रेरित किया जाय, ताकि आपदा की स्थिति में कृषकों को योजना का लाभ मिल सके।


