आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
जल्द पकड़े जाएंगे दोषी- सीओ सगड़ी
आजमगढ़: सगड़ी तहसील मुख्यालय से मात्र चंद कदम की दूरी पर गाय का कटा सिर और अपशिष्ट मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने इस घटना पर काफी आक्रोश व्यक्त किया। भाजपा नेता ज्ञानेंद्र मिश्र ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर भारी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में गोकशी करने वालों के हौसले काफी बुलंद हो गए हैं। सड़कों पर टहलने वाले बेसहारा पशुओं को काटने का यह पहला मामला नहीं है। पुलिस को इस पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
सूचना पर मौके पर पहुंची जीयनपुर पुलिस ने गाय के सिर और अपशिष्ट को गढ्ढा खोदवाकर डिस्पोजल कराया।
इस संबंध में सीओ सगड़ी महेंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि गोकशी का धंधा करने वालों ने गाय को कहीं काटकर उसका सिर और अपशिष्ट यहां पर फेंक दिया था। जानकारी होते ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
