आज़मगढ़।
रिपोर्ट: प्रथम सिंह
आज़मगढ़: एक तरफ बरसात तो दूसरी तरफ विद्युत कटौती से अब लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। रौनापार क्षेत्र के मसुरियापुर गांव में रविवार को बिजली का जर्जर तार टूटकर गिर जाने से दर्जन भर गाँव के विद्युत उपभोक्ताओं को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। हालांकि देर शाम विद्युत आपूर्ति शुरू हो सकी। जो तार टुटा था वह तार अर्थिंग का बताया जा रहा है जो आज भी पानी भरे खेत में गिरा पड़ा है जो खतरे से खाली नहीं है।
विद्युत उपकेंद्र रौनापार से जुड़े दर्जन भर गांव में लगा बिजली का तार करीब 40 वर्ष पुराना बताया जा रहा है जो अब जर्जर स्थिति में है और आए दिन कहीं न कहीं टूटकर गिर जाते हैं। बरसात के मौसम में अगर ऐसे ही तार टूट कर गिरते रहे तो बिजली की चपेट में आने से अप्रिय घटना भी घट सकती है। लेकिन विद्युत विभाग नहीं चेत रहा है। बारिश संग तेज हवा चलते ही पुराने तार टूटकर गिरने लगते हैं। डरे-सहमें ग्रामीण विद्युत विभाग से परेशान है कुछ दिन पहले बिन बारिश बिन हवा के बिजली की कटौती की जा रही थी 24 घंटे में मुश्किल से 8-9 घंटे की बिजली मिल पा रही थी और सरकार बोलती है कि 18 घंटे बिजली दी जा रही है। अघोषित विद्युत कटौती से लोगों में रोष व्याप्त है।
इस संबंध में जेई धीरज पटेल ने मसूरियापुर गाँव में गिरे तार को सही करवाने की बात कही। हालांकि खबर प्रकाशन तक गिरा हुआ तार ठीक नही हो सका था।

