Breaking News

उप निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न कराना हम सबकी जिम्मेदारी।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर

आजमगढ़ 13 जून-- 69-आजमगढ़ लोक सभा उप निर्वाचन-2022 को सकुशल, निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के दृष्टिगत आज कलेक्ट्रेट सभागार में मा0 सामान्य प्रेक्षक श्री नीलकण्ठ टीकम की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक की गयी। 
मा0 प्रेक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मा0 निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार उप निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न कराना हम सबकी जिम्मेदारी है, इसे सभी लोगों को मिलकर सफल बनाना है। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के प्राविधान के अनुसार कौन व्यक्ति कितना समय तक निर्वाचन क्षेत्र में रहेगा, उसे प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराया जाए। उन्होने कहा कि राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों के आवेदन को तत्काल निस्तारित किया जाये। 
मा0 सामान्य प्रेक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम कमिशनिंग के दौरान राजनैतिक दलों के नामित किये गये एजेण्टों को बुलाएं। एजेन्ट वहां रहकर देख लें कि कमिशनिंग प्रक्रिया कैसे की जा रही है। उन्होने कहा कि स्ट्रांग रूम में रैण्डमाइजेशन के दौरान भी एजेन्टों को बुलाया जाय। उन्होने कहा कि मतदान से पूर्व मॉकपोल के दौरान एजेन्टों को बुलाना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि वेबकास्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करा दी जाए। निर्वाचन आयोग द्वारा भी मतदान के दौरान पोलिंग सेन्टरों की निगरानी की जायेगी। 
मा0 प्रेक्षक महोदय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आदर्श आचार संहिता का अनुपालन शत प्रतिशत सुनिश्चित किया जाये। उन्होने निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाये। उन्होने डीआईओ (एनआईसी) को निर्देशित किया कि किसी प्रकार की चुनाव से संबंधित आपत्तिजनक पोस्ट करने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करें। मा0 प्रेक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत कम रहा हो, वहां पर मतदाता जागरूकता का विशेष कार्यक्रम चलाया जाय। उन्होने मुख्य विकास अधिकारी/जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोगों के साथ बैठकर वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रेरित करें। उन्होने कहा कि परिवारों की काउन्सिलिंग कर उन्हें मतदान करने के लिए जागरूक किया जाय। मा0 प्रेक्षक ने कहा कि मतदान केन्द्रों पर हेल्पडेस्क बनाया जाय। उन्होने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के वाहनों को दुरूस्त कर लें एवं हर प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। उन्होने कहा कि उल्टी, दस्त/डायरिया की दवा कोविड हेल्पडेस्क पर रखना सुनिश्चित करें। 
जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने मा0 प्रेक्षक को अवगत कराया कि लोक सभा उप निर्वाचन-2022 को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 1149 मतदान केन्द्रों एवं 2176 मतदेय स्थल पर 2394 प्रीसाइडिंग आफिसर, पोलिंग आफिसर प्रथम 2394, पोलिंग आफिसर द्वितीय 2394 एवं पोलिंग आफिसर तृतीय 2394 तथा 224 माइक्रो आब्जर्वर तैनात किये गये हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान भारी वाहन (बस 604) तथा भारी ईवीएम ट्रक 50 लगाये गये हैं तथा हैवी मीडियम 100 बस लगाये गये हैं। उन्होने बताया कि 400 चार पहिया वाहन लगाये गये हैं। उन्होने बताया कि विधान सभा 344-गोपालपुर, 345-सगड़ी के लिए आईटीआई आजमगढ़ से एवं 346-मुबारकपुर, 347-आजमगढ़ के लिए श्री दुर्गा जी पीजी कालेज चण्डेश्वर से एवं वि0स0 352-मेंहनगर के लिए कृषि महाविद्यालय कोटवां से पोलिंग पार्टियां रवाना की जायेंगी। उन्होने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान कोविड-19 के गाइडलाइन का पालन कराया जायेगा। 
पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग आर्य ने मा0 प्रेक्षक महोदय को अवगत कराया कि चुनाव प्रक्रिया को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा चुकी है। उन्होने बताया कि पैरा मिलिट्री फोर्स आ चुकी है। उन्होने कहा कि मतदान केन्द्रों पर पैरा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की जायेगी। उन्होने कहा कि यह सुनिश्चित किया जायेगा कि चुनाव के दौरान किसी के द्वारा डराना, धमकाना या दबाव डालने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी लगातार क्षेत्रों में भ्रमण करते रहेंगे।
बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आजाद भगत सिंह, एसडीएम सदर जल राजन चौधरी, पीओ डूडा अरविन्द कुमार पाण्डेय, डीपीआरओ लालजी दूबे, पीडी केके सिंह, डीसी एनआरएलएम मिथिलेश कुमार तिवारी, डीआईओएस प्रवीण कुमार उपाध्याय, जिला पूर्ति अधिकारी सुनिल कुमार पुष्कर, डीडी कृषि मुकेश कुमार, डीईएसटीओ आरडी राम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और नया पुराने