आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 25 जुलाई-- मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला ने बताया कि “हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु विस्तृत दिशा-निर्गत किये गये है। उन्होने कहा कि भारतीय स्वाधीनता के 75 वर्ष पूर्ण होने के महत्वपूर्ण अवसर पर दिनांक 11 से 17 अगस्त 2022 तक स्वतन्त्रता सप्ताह एवं दिनांक 13 से 15 अगस्त 2022 तक “हर घर तिरंगा कार्यक्रम“ का भव्य आयोजन किया जायेगा। “हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम में जनपद अग्रणी भूमिका निर्वहन करेगा तथा दिनांक 13 से 15 अगस्त 2022 तक जनपद के आवासीय/बहु मंजिला आवासीय इमारतों आदि में संशोधित झण्डा संहिता के अनुसार पालिस्टर/सूती/खादी/ऊनी कपड़ों से बने निर्धारित आकार (3:2 अनुपात/30“x20“) के मशीन अथवा हस्त निर्मित झण्डों को फहराया जायेगा। इसके अतिरिक्त सरकारी/गैर सरकारी कार्यालयों जैसे-पुलिस लाईन, पुलिस थाना, पुलिस चौकी, कारागार, कृषि विज्ञान केन्द्र, उद्यान, मत्स्य प्रक्षेत्र, मंडी परिषद, सरकारी समितियां, पशु चिकित्सालय, राजकीय अतिथि गृह, स्टेडियम, पार्क, चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, विश्व विद्यालय, शिक्षण संस्थान, बस/मेट्रो/रेलवे स्टेशन, जन सुविधा केन्द्र, होटल, रेस्टोरेंट, सिनेमाहाल, शॉपिंग कप्लेक्स आदि विभिन्न सरकारी/गैर सरकारी भवनों/परिसरों में खादी से निर्मित झण्डे फहराये जायेंगे। उच्च स्तर से लिये गये निर्णयानुसार “हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम हेतु एमएसएमई विभाग द्वारा 02 करोड विभिन्न जनपदों को उपलब्ध कराये जायेंगे , जिसमें से 75 प्रतिशत झण्डे ग्रामीण क्षेत्रों में वितरित किये जायेंगे एवं 25 प्रतिशत झण्डे नगरीय क्षेत्रों में वितरित किये जायेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतों को निर्देश दिया कि “हर घर तिरंगा कार्यक्रम’’ के प्रभावी समन्वय हेतु झण्डों के उत्पादन/वितरण/फहराने सम्बन्धी अद्यतन प्रगति रिपोर्ट गूगल लिंक https://bit.ly/HGT2022_statusreport पर प्रतिदिन सायं 04ः00 बजे तक जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी द्वारा अपडेट किया जायेगा। उन्होने कहा कि जिले का लक्ष्य पूर्व में 5.1 लाख निर्धारित किया गया था, जिसे संशोधित करते हुए 7.98 लाख लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संशोधित लक्ष्य के अनुरूप विकास खण्ड के एवं नगर पालिका/नगर पंचायत का नियमानुसार लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतों को निर्देश दिया है कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु समस्त खण्ड विकास अधिकारी संशोधित विकास खण्डवार लक्ष्य अनुरूप ग्राम पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित कर तत्काल प्रेषित करना सुनिश्चित करें।