आज़मगढ़।
रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर
आजमगढ़ 14 सितम्बर-- मा0 राज्यमंत्री, ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग, उ0प्र0 डॉ0 सोमेन्द्र तोमर ने आज विद्युत समाधान सप्ताह (12 सितम्बर से 19 सितम्बर तक) के क्रम में आजमगढ़ के 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र सिधारी पॉवर हाउस एवं पुराना पावर हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया। डॉ0 तोमर ने यहां पर उपस्थित विद्युत उपभोक्ताओं से वार्ता कर विद्युत आपूर्ति एवं बदले गये मीटर का फीडबैक लिया। उन्होने विद्युत उपभोक्ताओं से कहा कि अब घर बैठकर टोल फ्री नम्बर 1912 पर विद्युत से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होने कहा कि विद्युत उपकेन्द्रों पर अब बार-बार आने की आवश्यकता नही है, विभाग के अधिकारी पूरी तत्परता से आपकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होने कहा कि अधिकारी समय से कार्यालय पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्या सुने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें।
मा0 राज्य मंत्री ने सर्किट हाउस में विभागीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्युत उपभोक्ताओं की परेशानियों का ध्यान रखा जाये। उन्होने निर्देशित किया कि जहां पर अच्छे उपभोक्ता हैं, वहां की विद्युत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाये। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 12 से 19 सितम्बर 2022 तक चलने वाले समाधान सप्ताह शिविर में अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ पहुंचाया जाये। डॉ0 तोमर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग के राजस्व में वृद्धि करें तथा लाइन लास को कम से कम करना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि टेक्नोलॉजी का परीक्षण कर अंडरग्राउण्ड केबलिंग का कार्य कराया जायेगा।
बैठक में विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।