Breaking News

बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और महंगाई के खिलाफ सपा ने सौंपा ज्ञापन


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: अंजनी राय

लालगंज (आजमगढ़)। सोमवार को समाजवादी पार्टी लालगंज के कार्यकर्ताओं ने बिजली की अंधाधुंध कटौती, लो-वोल्टेज, महंगाई, नहरों में पानी और खाद सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी लालगंज के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन विधायक बेचई सरोज और विधानसभा अध्यक्ष राजनारायण यादव के नेतृत्व में दिया गया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक बेचई सरोज ने कहा कि बिजली की अंधाधुंध कटौती से आम जनता परेशान है। ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नहरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे किसानों के सामने धान की फसल की सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है।

विधानसभा अध्यक्ष राजनारायण यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में रात के समय बिजली कटौती से आम जनता की नींद हराम हो गई है। नहरों में पानी नाममात्र का पहुंच रहा है, जिससे किसान धान की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चीनी समेत अन्य घरेलू सामानों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भी परेशान है।

सपा नेताओं ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने, नहरों में टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने, किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने तथा बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की।

इस अवसर पर संध्या राघवन, अनुपम कन्नौजिया, दीपक मौर्य, गिरीश चंद्र मोदनवाल, सर्वेश प्रजापति, रामअवध यादव, राजेश विश्वकर्मा, जय सिंह चौहान, महेश सोनकर, समीर अहमद, चंदन सिंह, चंदा चौहान, संगीता शर्मा, मनीषा गौड़, साहब लाल यादव, सत्यपाल यादव, अंगद यादव, सुशीला शर्मा, संगीता सरोज, साधना देवी, नूर आलम, अमरनाथ सरोज, रम्मन यादव, सूरज यादव, रामाश्रय यादव उर्फ पांचू, राजू यादव, राजेंद्र सरोज, देवनारायण यादव, जोगी, लल्लन यादव, अजय यादव, शहीम खान, विनोद यादव, अरमान खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और नया पुराने