लालगंज (आजमगढ़)। सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय लालगंज पर समाजवादी महिला सभा की बैठक विधानसभा अध्यक्ष संध्या राघवन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में महिलाओं से जुड़े मुद्दों, महंगाई और प्रदेश में महिलाओं के उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बेचई सरोज ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं की घोर उपेक्षा कर रही हैं। आंगनबाड़ी, आशा सहित महिलाओं से जुड़ी विभिन्न भर्तियां बंद हैं, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं रोजगार के अवसरों से वंचित हैं।
विधानसभा अध्यक्ष राजनारायण यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। वहीं रसोई से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के कारण आधी आबादी और खासकर गृहिणियां परेशान हैं। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।
बैठक को चंदा चौहान, मनीषा गौड़, संगीता शर्मा, अनीता सरोज सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सुशीला शर्मा, साधना, फूलन सरोज, सुनीता सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।