आज़मगढ़।
रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर
आजमगढ़ 21 सितम्बर-- जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल ने बताया है कि जनपद आजमगढ़ के गन्ना किसानों के लिये सर्वे सट्टा प्रदर्शन मेले का आयोजन समिति बूढ़नपुर में 20 सितम्बर 2022 से एवं दि किसान सहकारी चीनी मिल्स लि0 सठियाँव में 19 सितम्बर 2022 से किया जा रहा है। यह मेला बूढ़नपुर में 27 सितम्बर एवं चीनी मिल सठियॉव में 28 सितम्बर तक चलेगा। उन्होने कहा कि ऐसे किसान भाई जिनको अपने सर्वे सट्टा में कोई आपत्ति हो, तो मेले के माध्यम से आवेदन देकर निराकरण करा लें, यह संशोधन का आखिरी मौका है, इसके बाद किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं हो पायेगा, क्योंकि ई.आर.पी. पोर्टल मेले में आई आपत्तियों के संशोधन के बाद पोर्टल स्वतः लॉक हो जायेगा।
उन्होने सभी किसान भाइयों से अपील किया है कि इस सर्वे सट्टा प्रदर्शन मेले का लाभ उठायें और अपनी आपत्तियों को निस्तारित करायें। दोनों समितियों में किसानों की सुविधा के लिये ऑनलाइन घोषणा पत्र निःशुल्क भरने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होने किसानों को यह भी सूचित किया है कि जिन नये गन्ना आपूर्तिकर्ता को समिति का सदस्य बनना हो, तो 30 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदन कर सदस्य बन सकते हैं। दोनो समिति में अब तक 37 आपत्तियां किसानों द्वारा दर्ज करायी गयी हैं, जिसमें से 29 आपत्तियों का तुरन्त निस्तारण कर दिया गया है। किसान मेले के दौरान 28 किसानों का घोषणा पत्र निःशुल्क भरा गया है।