आज़मगढ़।
रिपोर्ट: आदर्श श्रीवास्तव
आज़मगढ़: यूपी बोर्ड पहली पाली में हो रही हाई स्कूल हिंदी की परीक्षा के दौरान एसडीएम सगड़ी नरेंद्र कुमार गंगवार ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान नकल सामग्री या आपत्तिजनक स्थिति तो नजर नहीं आई लेकिन केंद्र संचालकों में दहशत मची रही। क्षेत्र में इस समय दर्जनों विद्यालयों में बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षा को नकल मुक्त कराने के लिए बुधवार की सुबह की पाली में एसडीएम सगड़ी ने क्षेत्र के रामसरीख सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, बालिका इंटर कालेज मालटारी, गांधी इंटर कॉलेज मालटारी सहित कई सेंटरों का निरीक्षण किया। नकल विहीन परीक्षा कराने और कक्ष निरीक्षकों से ओएमआर शीट सही तरीके से भरवाने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चल रहे हैं कि नहीं इसका बारीकी से परीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों पर पहले ही दिन काफी सख्ती दिखी। गेट पर छात्रों की तलाशी लेकर कक्ष में प्रवेश दिया गया। इस दौरान आपत्तिजनक सामग्री तो नहीं मिली लेकिन एसडीएम के निरीक्षण के दौरान केंद्र संचालकों के साथ ही परीक्षार्थियों के चेहरे पर हवाई उड़ती रही। एसडीएम ने बताया कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कई केंद्र संचालकों ने बताया कि शासन की मंशानुसार परीक्षा को शुचितापूर्ण संपन्न कराना हम सबका दायित्व है।