आज़मगढ़: पुलिस ने धोखाधड़ी कर जबरन जमीन की रजिस्ट्री कराने और पीड़ित के खाते से रुपये निकालने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:
दिनांक 04 मार्च 2025 को वादी ओमप्रकाश सरोज, पुत्र स्वर्गीय बालकिशुन सरोज, निवासी जलालपुर, थाना रानी की सराय, जनपद आजमगढ़, ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर शिकायत दर्ज कराई।
वादी के अनुसार, 10 फरवरी 2025 को गाँव के ही अवधेश सरोज और उनके साथी कैलाश सरोज ने उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने और पूर्व में किए गए एग्रीमेंट को तुड़वाने का झांसा दिया। इसके बहाने चार पहिया वाहन से उसे आज़मगढ़ ले जाया गया, जहाँ रास्ते में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। जबरन शराब पिलाकर मारपीट की गई और फिर हाईवे की जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली।
इसके अलावा, आरोपियों ने पीड़ित से अंगूठे के निशान लगवाकर उसके खाते से 80,000 रुपये निकाल लिए और उसका आधार कार्ड भी रख लिया।
इस संबंध में थाना रानी की सराय में मुकदमा संख्या 58/25 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 352, 351(2), 318(4), 119(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया।
गिरफ्तारी का विवरण:
दिनांक 05 मार्च 2025 को उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में वांछित अभियुक्तों को रानी की सराय कस्बे से दोपहर करीब 13:20 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त:
- अवधेश कुमार, पुत्र श्री परदेशी, निवासी डिहिया जलालपुर, थाना रानी की सराय, जनपद आजमगढ़
- कैलाश सरोज, पुत्र टीमल, निवासी डिहिया जलालपुर, थाना रानी की सराय, जनपद आजमगढ़
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।