आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
सीसी कैमरे की निगरानी में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निर्माण के निर्देश।
आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के सहबदिया गांव में घाघरा नदी द्वारा हो रही कृषि योग्य भूमि की कटान को रोकने के लिए शासन द्वारा स्वीकृत चार करोड़ 15 लाख रुपये की परियोजना के तहत बन रहे नोज निर्माण कार्य का पूर्व विधायक वंदना सिंह ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की निगरानी सीसी कैमरों के माध्यम से सुनिश्चित की जाए, साथ ही तय समय सीमा के भीतर कार्य को तेजी से पूरा किया जाए।
ज्ञात हो कि पिछले वर्षों में सहबदिया और परसिया गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि योग्य भूमि घाघरा नदी में समाहित हो चुकी है। दोनों गांवों की कुल आबादी लगभग 5000 के करीब है। भूमि और आबादी की रक्षा हेतु बाढ़ खंड विभाग द्वारा डंपनर विधि से कुल आठ नोज का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना के तहत: प्रत्येक नोज में 15 मीटर चौड़ी स्लो पिचिंग और परक्युपाइन तकनीक से 350 मीटर लॉन्चिंग कार्य हो रहा है।
नदी के भीतर 12 मीटर गहराई तक एमजी बैग लगाए जा रहे हैं।
नोज के किनारे 10 मीटर चौड़ा बॉर्डर भी तैयार किया जाएगा।
कुल मिलाकर 800 मीटर क्षेत्र में नोज निर्माण का कार्य प्रस्तावित है।
इस परियोजना के प्रारंभ होने से गांववासियों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि अब उनकी कृषि भूमि और बस्तियों को कटान से बचाया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक वंदना सिंह ने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता अरुण सचदेव और एसडीओ अरविंद यादव से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बेहतर निर्माण सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग होनी चाहिए और हर गतिविधि कैमरे की निगरानी में दर्ज की जाए।
बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता अरुण सचदेव ने बताया कि परियोजना पर कार्य गत दो सप्ताह से प्रगति पर है। लॉन्चिंग और पिचिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है तथा कटान रोकने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य 26 जून तक पूर्ण कर लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव, जेई संजय, ग्राम प्रधान अरुण सिंह, प्रतिनिधि जोखन सिंह, पूर्व प्रधान दिनेश सिंह पटेल, नागेंद्र यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने परियोजना के सफल और समयबद्ध निर्माण की कामना की।