Breaking News

आयुष्मान आरोग्य मंदिर की 7वीं वर्षगांठ पर स्वास्थ्य शिविर, CHO ने नियमितीकरण की उठाई मांग।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़, सगड़ी (लुचुई): आयुष्मान भारत - हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) की स्थापना के 7 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सगड़ी तहसील क्षेत्र के लुचुई गांव स्थित केंद्र पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

स्वास्थ्य शिविर में ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, एनीमिया की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की जांच, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, योग सत्र, और निःशुल्क दवा वितरण जैसी सेवाएं प्रदान की गईं।

इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) कृष्णा मौर्य, जो कि CHO संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी हैं, ने शिविर का संचालन करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में CHO की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को समय पर जांच, परामर्श और दवाएं मिलने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

ग्रामीणों ने भी केंद्र की सराहना करते हुए इसे “गांव का स्वास्थ्य मंदिर” बताया और नियमित सेवाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया।

CHO ने उठाई नियमितीकरण की मांग

इस मौके पर श्री मौर्य ने सरकार से CHO कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग की। उन्होंने कहा,
“हम CHO पिछले 6 वर्षों से संविदा पर कार्यरत हैं। सरकार द्वारा पहले ही नियमितीकरण की गाइडलाइन जारी की जा चुकी है, अब आवश्यकता है इसे लागू करने की। हम चाहते हैं कि हमें 4800 ग्रेड पे के साथ स्थायी सेवा का लाभ दिया जाए।”

उन्होंने बताया कि राज्यभर के CHO आज सोशल मीडिया अभियानों, पोस्टरों और जनसंपर्क माध्यमों के जरिए सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित कर रहे हैं।

श्री मौर्य ने कहा,“सरकार आयुष्मान भारत जैसे महत्वाकांक्षी कार्यक्रम चला रही है, लेकिन उन्हीं कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर सफल बनाने वाले CHO के भविष्य को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।"
उन्होंने सरकार से अपील की कि जल्द से जल्द CHO के नियमितीकरण और सेवा शर्तों को लेकर ठोस निर्णय लिया जाए।

और नया पुराने