Breaking News

अब छात्रों को विद्यालयों में मिलेगा आरओ का शुद्ध जल — मनीष मिश्रा पिंटू


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

सगड़ी/आजमगढ़ — शिक्षा क्षेत्र अजमतगढ़ के प्राथमिक विद्यालय दाम महुला में हजारों रुपए की लागत से स्थापित आरओ प्लांट का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष मिश्रा पिंटू ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुकेश कुमार निषाद एवं ग्राम विकास अधिकारी रामकेश सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया और बच्चों की उपस्थिति एवं विद्यालय में अध्यापकों द्वारा किए गए विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।


मनीष मिश्रा पिंटू ने आरओ प्लांट के उद्घाटन के साथ-साथ विद्यालय के प्रत्येक कक्षा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय न केवल ब्लॉक में, बल्कि पूरे जनपद में आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यहां 14 पैरामीटर पूरे किए जा चुके हैं और एक उत्तम शैक्षिक वातावरण तैयार किया गया है, जो आज के समय की शिक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस प्रकार की सरकारी शिक्षा व्यवस्था में ढालने का प्रयास करें, क्योंकि अब कुछ सरकारी विद्यालय प्राइवेट स्कूलों से भी बेहतर शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ब्लॉक के दो-तीन विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है।

विद्यालय को और बेहतर बनाने के लिए उन्होंने प्रधान और सचिव को आवश्यक धनराशि मुहैया कराने का आश्वासन दिया और निर्देश दिया कि गर्मी की छुट्टियों से पहले सभी विकास कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अब विद्यालय में छात्र-छात्राओं को आरओ का शुद्ध जल उपलब्ध होगा, जिससे बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहेगा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अविनाश शाही, शिक्षिका राधिका गोंड, पारली मिश्रा, मीरा यादव, लक्ष्मी देवी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

और नया पुराने