Breaking News

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की अश्वारूढ़ प्रतिमा की होगी स्थापना।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह
 
नवनीत ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन ताहिरपुर बघवार में बनेगा ऐतिहासिक स्मारक।

सगड़ी/आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के नवनीत ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, ताहिरपुर बघावर के प्रांगण में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 12 फीट ऊंची और 3100 किलोग्राम वजनी अश्वारूढ़ प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस प्रतिमा की कुल लागत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। यह घोषणा नवनीत ग्रुप के चेयरमैन एवं पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) अमेरिका सिंह ने की।
प्रतिमा की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि प्रो. सिंह द्वारा उपलब्ध करवाई गई है। यह पहल महाराणा प्रताप स्मारक अभियान समिति के अनुरोध पर की गई, जिसे नवनीत ग्रुप ने सहर्ष स्वीकार किया।
इस अवसर पर प्रो. सिंह ने कहा, “मेरे लिए यह गर्व का विषय है कि मैंने वीर भूमि उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में कुलपति के रूप में सेवा दी है। महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करना हमारे संस्थान के लिए एक गौरवपूर्ण कार्य है।”
उन्होंने आगे कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक ऐतिहासिक योद्धा नहीं, बल्कि भारतीय समाज के लिए आस्था, साहस और आत्मबलिदान के प्रतीक हैं। यह प्रतिमा युवाओं को प्रेरणा देने के साथ-साथ सामाजिक एकता का संदेश भी देगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस ऐतिहासिक पहल का स्वागत किया और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रतिमा की स्थापना समारोह की तारीख और कार्यक्रम का विवरण शीघ्र ही स्थानीय मीडिया के माध्यम से साझा किया जाएगा। विशेष बात यह है कि प्रतिमा का अनावरण महाराणा प्रताप के वंशजों के कर कमलों द्वारा किया जाएगा।

और नया पुराने