आजमगढ़, 18 अप्रैल 2025: थाना जीयनपुर क्षेत्र के अंतर्गत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने चोरी के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गैस सिलेंडर, टुल्लू पम्प तथा नकदी बरामद की है।
घटना 17 अप्रैल 2025 की है, जब वादी ऋषिदेव पुत्र श्री मिट्ठू राम, निवासी बाजार खास नगर पंचायत जीयनपुर ने थाना जीयनपुर में सूचना दी कि उनके नए मकान, जो जामेतुल बनात में मार्डन एरा हायर सेकेंडरी स्कूल के पास स्थित है, में कोई व्यक्ति नहीं रहता। इसी का फायदा उठाकर प्रवीण यादव उर्फ पप्पू यादव पुत्र निशोर यादव, निवासी पुरुषोत्तमपुर कैथौली, ने शाम करीब 6 बजे मकान में घुसकर टुल्लू पम्प और घरेलू गैस सिलेंडर की चोरी कर ली।
घटना के दौरान आस-पड़ोस के लोगों ने चोर को रंगे हाथों पकड़ लिया और तत्काल इसकी सूचना वादी को दी। वादी ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्राथमिक पूछताछ में अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि उसने 13 फरवरी 2025 को दोगनी पुल स्थित लक्ष्मी प्रसाद शिक्षण संस्थान से एक कंप्यूटर चोरी कर 1000 रुपये में बेच दिया था।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 138/2025 धारा 305/317(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह मय हमराहियों के साथ अभियुक्त को उसी रात करीब 11:35 बजे वादी के मकान के पास से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से चोरी गया एक गैस सिलेंडर, एक टुल्लू पम्प तथा 500 रुपये की नकदी बरामद की गई।पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।