आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आज़मगढ़: जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा गांव में सोमवार सुबह फजर की नमाज के दौरान जमीनी विवाद को लेकर गोली चल गई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह विवाद वर्षों पुराना है और पहले भी इसी को लेकर हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धौरहरा गांव निवासी सरफराज (55 वर्ष), पुत्र हुसैन, नमाज के लिए जा रहे थे, तभी पाटीदार अनीश पुत्र सगीर ने उन पर गोली चला दी। गोली सरफराज के कुल्हे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद उन्हें करीब साढ़े दस बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना के संबंध में सरफराज की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनीश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सरफराज और अनीश के बीच वर्षों से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चला आ रहा है। मुंबई और गांव दोनों स्थानों पर पुश्तैनी जमीन का बंटवारा न होने के कारण तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव में चर्चा है कि सरफराज ने अनीश द्वारा बनाए गए मकान का बैनामा किसी तीसरे व्यक्ति के नाम कर दिया था, जिससे विवाद और गहरा गया।
गौरतलब है कि वर्ष 2016 में भी इसी जमीन विवाद को लेकर मस्जिद में गोली चली थी, जिसमें सरफराज घायल हुए थे। तब गोली उनके पैर में लगी थी और एक गोली उनके सिर के पास से गुजरी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रॉपर्टी विवाद के कारण सरफराज पर पहले भी दो-तीन बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। वर्तमान में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है, और पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी है।