Breaking News

भुवर अखाड़ा के दंगल में पहलवानों का दमखम, विजेताओं को मिली पल्सर बाइक।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

रामेश्वर यादव ने कुश्ती में मारी बाज़ी, कल्लू पांडेय ने उठाया 165 किलो का नाल।

पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने दी बाइक की चाबी, कहा—ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

आजमगढ़, सगड़ी- शहीद रामसमुझ यादव पार्क, नथ्थूपुर में गुरुवार को भुवर अखाड़ा, जीयनपुर के तत्वावधान में पारंपरिक खेलों की शान माने जाने वाले कुश्ती, गदा भांजने और नाल उठाने की भव्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस आयोजन में प्रदेश भर से आए दिग्गज पहलवानों और पारंपरिक व्यायाम में पारंगत खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में रामेश्वर यादव ने अपने दमदार प्रदर्शन से कुश्ती में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं चंदौली के कल्लू पांडेय ने 165 किलो वजनी नाल उठाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दोनों विजेताओं को इनाम स्वरूप पल्सर बाइक प्रदान की गई। बाइक की चाबी उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने सौंपकर खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

इस मौके पर भारी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे, जिनमें ग्रामीणों का जोश और पारंपरिक खेलों के प्रति उत्साह साफ नजर आया। प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में गदा भांजने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अखिलेश यादव और  विधायक नफीस अहमद ने कहा कि, "कुश्ती और पारंपरिक व्यायाम हमारी संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। इन खेलों को संरक्षित रखने और युवाओं को इससे जोड़ने की आवश्यकता है। सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।"

वहीं पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि, "ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो बस उन्हें मंच देने की। मैं विधानसभा में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए आवाज उठाऊंगा।"

कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हरिशंकर यादव, शहीद रामसमुझ यादव के भाई प्रमोद यादव, सगड़ी विधायक डॉ एच एन सिंह पटेल, अरविंद यादव, भुंवर यादव, कृपाशंकर यादव, रविशंकर यादव, डॉ. अमित सिंह, अनुराग यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल शारीरिक खेलों को बढ़ावा देने का प्रतीक बना, बल्कि ग्रामीण अंचल की सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजने का एक सशक्त प्रयास साबित हुआ।


और नया पुराने