आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आज़मगढ़ ज़िले के जीयनपुर नगर पंचायत के कुरैश नगर वार्ड में कुर्बानी के अवशेषों को डंप करने के लिए खोदे गए गड्ढे से तेज दुर्गंध उठने लगी। इससे क्षेत्र के लोग काफी परेशान हो गए और नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत लेकर पहुँच गए। शिकायत के बाद अधिशासी अधिकारी (ईओ) अल्का मौर्या ने मौके का निरीक्षण किया और तुरंत गड्ढे को बंद करवाया।
दरअसल, गुरुवार सुबह नगर पंचायत कर्मचारियों ने कुरैश नगर वार्ड में कुर्बानी के अवशेषों की डंपिंग के लिए गड्ढा खोदा था। लेकिन कुछ ही देर में गड्ढे से तेज़ बदबू फैलने लगी, जिससे लोग अपने घरों में भी रहने को मजबूर हो गए। इस पर आदिल अब्बास, शोएब खान, सन्ने खान और अज़ीम अहमद ने नगर पंचायत कार्यालय पहुँचकर अधिशासी अधिकारी को शिकायत दी।
शिकायत मिलते ही ईओ अल्का मौर्या ने मौके का निरीक्षण किया और सभासद मुन्ना यादव तथा कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुँचीं। दुर्गंध इतनी तेज़ थी कि ईओ भी परेशान हो गईं। उन्होंने तुरंत कर्मचारियों को फटकार लगाई और जेसीबी मँगाकर गड्ढे को बंद करवाया। साथ ही, अवशेषों की डंपिंग के लिए बगल में ही एक दूसरा गड्ढा खुदवाया।
ईओ अल्का मौर्या ने बताया कि शिकायत मिलते ही उन्होंने तत्काल कार्रवाई की और गड्ढे को बंद कराया। इसके बाद कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि कुर्बानी समाप्त होते ही गड्ढे को ब्लीचिंग पाउडर, नमक आदि डालकर बंद किया जाए ताकि दुर्गंध न फैले। उन्होंने बताया कि जहाँ गड्ढा खोदा गया था, वहाँ पहले भी अवशेष डंप किए गए थे। उसी स्थान पर दोबारा गड्ढा खोदने से बदबू की समस्या हुई थी। गड्ढे को बंद करने से नगरवासियों को काफी राहत मिली।