Breaking News

सदन में गरजे गुड्डू जमाली – प्रदेश में 10–15 विश्वस्तरीय अस्पताल खोलने की मांग।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आज़मगढ़-मुबारकपुर की चिकित्सा सुविधाएं हों हाईटेक

आजमगढ़/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के नेता एवं विधान परिषद सदस्य, पूर्व विधायक मुबारकपुर शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने बुधवार को विधान परिषद के मानसून सत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने आबादी के अनुपात में प्रदेश में 10–15 पीजीआई, केजीएमसी, लोहिया जैसे विश्वस्तरीय अस्पताल खोलने तथा मुबारकपुर और आजमगढ़ की स्वास्थ्य सुविधाओं को हाईटेक बनाने की मांग की।


श्री जमाली ने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में स्वास्थ्य मद में 43,500 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ, लेकिन महज़ 68 प्रतिशत ही खर्च किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरत पर भी सरकार ढीला रवैया अपनाएगी, तो नागरिकों को समय पर उपचार कैसे मिलेगा।

अतरौलिया की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकारी अस्पतालों में भ्रष्टाचार पर भी गंभीर आरोप लगाए और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। आजमगढ़ जिला अस्पताल की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने बताया कि यहां एमआरआई मशीन नहीं है, सीटी स्कैन मशीन महीनों खराब रहती है, एक रेडियोलॉजिस्ट है जबकि जरूरत तीन–चार की है। डायलिसिस के लिए मरीजों को 5–6 महीने तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे कई की मौत हो जाती है।

मुबारकपुर की हालत पर बोलते हुए जमाली ने कहा कि डेढ़ लाख आबादी वाले नगर में इमरजेंसी सुविधाएं बेहद खराब हैं। हार्ट अटैक जैसे मामलों में प्राथमिक उपचार न मिलने से हफ्ते में कई मौतें हो जाती हैं। उन्होंने वहां ब्लड बैंक, सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की।

जमाली ने सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता में रखकर पूरा बजट खर्च करने और संसाधनों में वृद्धि करने की अपील की। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश दुनिया के बड़े देशों के बराबर है, इस अनुपात में हमें स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना होगा।”



और नया पुराने