Breaking News

तारा गुप्ता ने यूजीसी-नेट परीक्षा में किया शानदार प्रदर्शन, क्षेत्र का नाम किया रोशन


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: अंजनी राय

📍 लालगंज, आजमगढ़स्थानीय क्षेत्र के चेवार पश्चिम की होनहार छात्रा तारा गुप्ता ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने यूजीसी-नेट परीक्षा 2025 में 92 से अधिक पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
तारा गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा डीपीएस इंग्लिश स्कूल, चेवार से हुई। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की परीक्षा श्री गिरिजा शरण इंटर कॉलेज, मोरखा डोभी (जौनपुर) से उत्तीर्ण की। तारा ने वर्ष 2017 से 2022 के बीच बीए और एमए, दोनों की पढ़ाई बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी से पूरी की। इसके अलावा उन्होंने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर से बीएड की उपाधि प्राप्त की।
यूजीसी-नेट परीक्षा में सफलता के बाद अब तारा असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए पात्र हो गई हैं। यह परीक्षा देशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर बनने तथा पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा मानी जाती है।
तारा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मित्रों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता सरोज गुप्ता और माता माधुरी गुप्ता की प्रेरणा ने उन्हें हर कठिनाई में आगे बढ़ने की शक्ति दी।
तारा की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस मौके पर डिजिटल लाइब्रेरी के संस्थापक भानु प्रताप सिंह ने मिठाई खिलाकर तारा का स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

और नया पुराने