आजमगढ़। विधानसभा घेराव के दौरान कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालकर कांग्रेसी गांधी प्रतिमा स्थल तक पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव समेत हजारों कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। इसे लेकर जिला इकाई ने कड़ी आपत्ति जताई और सरकार को चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं रुकी तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष कौशलेंद्र सिंह मुन्ना ने कहा कि सरकार के निर्देश पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर बर्बर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है और संविधान प्रदत्त अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार दमनकारी नीति बंद करे और सभी को संविधान के दायरे में काम करने दे।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए रहा।