सगड़ी (आजमगढ़)। अजमतगढ़ ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को प्रधानाध्यापकों और ग्राम प्रधानों की एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ब्लॉक क्षेत्र के सभी प्राथमिक व जूनियर परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और ग्राम प्रधान शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्र, एसआरजी रामबदन यादव, नगर पंचायत अजमतगढ़ के चेयरमैन प्रतिनिधि अजय साहनी तथा खंड शिक्षा अधिकारी कुलदीप नारायण सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय अजमतगढ़ की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि मनीष कुमार मिश्र ने कहा कि सरकार की कायाकल्प योजना के तहत अजमतगढ़ ब्लॉक के विद्यालयों को 19 पैरामीटर के आधार पर सुसज्जित किया गया है। अब परिषदीय विद्यालय भी कॉन्वेंट स्कूल की तरह नजर आने लगे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ सौ करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायतों में नाली, इंटरलॉकिंग और आरसीसी सड़क सहित कई विकास कार्य कराए गए हैं। जिन विद्यालयों में अभी भी कोई कार्य शेष है, उसे शीघ्र पूरा कराया जाएगा। कई विद्यालयों में बच्चों की सुविधा के लिए वाटर कूलर भी लगाए गए हैं।
खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि कायाकल्प योजना के अंतर्गत विद्यालयों में 19 मानकों पर कार्य कराए गए हैं, जिससे शिक्षा का वातावरण बेहतर हुआ है। वहीं एसआरजी रामबदन यादव ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों को बाल वाटिका के रूप में सुसज्जित किया गया है तथा बच्चों के लिए शैक्षणिक किट उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने शारदा कार्यक्रम के तहत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने और वार्षिक उत्सव में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
नगर पंचायत अजमतगढ़ के चेयरमैन प्रतिनिधि अजय साहनी ने बताया कि नगर क्षेत्र के चार विद्यालयों में कायाकल्प योजना के तहत कार्य कराया जा रहा है। प्राथमिक विद्यालय प्रथम में 15 लाख और प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में 18 लाख रुपये की लागत से कार्य कराए जा रहे हैं। साथ ही विद्यालयों में आरओ वाटर की व्यवस्था भी की जा रही है।
खंड शिक्षा अधिकारी कुलदीप नारायण सिंह ने शिक्षकों और ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे मिलकर विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराएं और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाएं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरिकेश मिश्र ने किया। इस अवसर पर राम सिंह, राजेंद्र मौर्य, कमल नयन यादव, संगीता मौर्या, प्रतिमा माधुरी, जर्रार हुसैन, राजमणि शर्मा, विमल प्रकाश, धनंजय मिश्र, प्रदीप तिवारी, प्रदीप राय, अंशु राय, माथुर, दिनेश पांडेय, अभिषेक राय, नीरज यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।