मस्जिदिया के युवाओं ने किसान संगठनों के साथ निकाला जुलूस, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
निजामाबाद, आजमगढ़। मस्जिदिया गांव में नाली निर्माण समेत निजामाबाद क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शनिवार को सोशलिस्ट किसान सभा और पूर्वांचल किसान यूनियन के नेतृत्व में युवाओं ने जुलूस निकाला और निजामाबाद तहसील पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उपजिलाधिकारी को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
किसान नेता राजीव यादव ने कहा कि मस्जिदिया गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क और आसपास के खेतों में गंदा पानी जमा है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने अब्दुल रहमान के घर से बैजू के घर के पास स्थित बस्ती की मुख्य नाली तक नई नाली का निर्माण कराने की मांग की है।
राजीव यादव ने बताया कि 'हमारा गांव, हमारा सवाल' अभियान के तहत निजामाबाद क्षेत्र में पदयात्राएं निकाली गईं और क्षेत्रवासियों से उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली गई। इन्हीं मांगों को लेकर तहसील पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में संजरपुर, कनैथा और परसहां गांवों में रेलवे लाइन के नीचे बने अंडरपास में बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या का समाधान कराने की मांग की गई। फरिहा रेलवे स्टेशन पर बढ़ते ट्रेन यातायात के कारण फरिहा-निजामाबाद मार्ग की रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम को देखते हुए ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा निजामाबाद, सरायमीर, तहबरपुर और लाहीडीह बाजारों में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराने की मांग की गई। निजामाबाद-भदुली, निजामाबाद-रानी की सराय तथा मिर्जापुर, लाहीडीह, कौड़िया और मुडियार होते हुए माहुल जाने वाली सड़कों के निर्माण और मरम्मत की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
किसान संगठनों ने निजामाबाद क्षेत्र में सब्जी उत्पादन को देखते हुए गंधुई गांव में लंबे समय से बंद कोल्ड स्टोर को संचालित कराने तथा निजामाबाद और सरायमीर में सरकारी सब्जी मंडी स्थापित करने की मांग की। इसके साथ ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 226 पर आसपास के क्षेत्रों के लोगों की सुविधा के लिए उतरने की व्यवस्था कराने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में सरायमीर में बड़ा विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने तथा मिर्जापुर में निर्माणाधीन अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन में पूर्वांचल किसान यूनियन के महासचिव वीरेंद्र यादव, नुरूलहोदा, पूर्व फौजी जय प्रकाश सिंह, रेहान, प्रधान श्यामजीत यादव, समीर, अधिवक्ता विनोद यादव, आदिल, अवधेश यादव, अबूजर, नंदलाल यादव, अलीम, फरहान, आतिफ, उस्मान, साबिर, कुतुबुद्दीन, अब्दुलहक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।