कंधरापुर पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई, NCRP पोर्टल के जरिए पूरी धनराशि कराई गई होल्ड
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ₹1,14,460 की पूरी धनराशि वापस करा दी। पुलिस के अनुसार, त्वरित शिकायत के बाद ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराया गया, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई गई।
पुलिस के मुताबिक, कंधरापुर थाना क्षेत्र के आजमपुर निवासी राजेश मौर्य के बैंक ऑफ इंडिया खाते से 13 मार्च 2026 को ₹1,14,460 की साइबर धोखाधड़ी हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 23111250174322 के माध्यम से मामले की सूचना दर्ज की गई।
इसके बाद NCRP पोर्टल के माध्यम से पुलिस ने ठगी की पूरी रकम को संबंधित खाते में होल्ड कराया। प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य के निर्देशन में साइबर टीम ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए होल्ड की गई ₹1,14,460 की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई के प्रति आभार जताया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य, उपनिरीक्षक प्रमोद मद्धेशिया और कांस्टेबल प्रमोद यादव शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और वापस कराने की संभावना बढ़ सकती है।