Breaking News

साइबर ठगी में पीड़ित को मिली राहत, ₹21 हजार की रकम वापस


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

₹99 हजार की ठगी के बाद कंधरापुर पुलिस की कार्रवाई, ₹67,574 फ्रॉडस्टर के खाते में कराए गए थे होल्ड

आजमगढ़। साइबर ठगी के एक मामले में कंधरापुर पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में ₹21,000 की धनराशि वापस करा दी। पुलिस के अनुसार, मामले में कुल ₹99,000 की साइबर ठगी हुई थी, जिसमें से ₹67,574 की धनराशि को समय रहते संबंधित खाते में होल्ड कराया गया था।

पुलिस के मुताबिक, कंधरापुर थाना क्षेत्र के कपसा निवासी प्रदीप यादव के यूपी ग्रामीण बैंक खाते से 2 नवंबर 2025 को ₹99,000 की साइबर धोखाधड़ी हुई थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर अपराध की सूचना दी और शिकायत संख्या 33111250153300 दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद NCRP पोर्टल के माध्यम से पुलिस ने ठगी की रकम में से ₹67,574 फ्रॉडस्टर के खाते में होल्ड कराए। प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य के निर्देशन में साइबर टीम ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए होल्ड की गई धनराशि में से ₹21,000 पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए।

रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने कंधरापुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्रवाई करने वाली साइबर टीम में प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य, उपनिरीक्षक प्रमोद मद्धेशिया और कांस्टेबल प्रमोद यादव शामिल रहे।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने में मदद मिल सकती है।

और नया पुराने