आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित चल रही ₹25 हजार की इनामी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला पर पूजा-पाठ के बहाने घर में प्रवेश कर आभूषण आदि की ठगी करने वाले गिरोह में शामिल होने का आरोप है। उसके खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर जनपद के अलग-अलग थानों में ठगी और चोरी से संबंधित कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2025 को गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के सरायपलटू गांव में एक महिला के घर तीन अज्ञात महिलाएं पूजा-पाठ करने के बहाने पहुंची थीं। आरोप है कि घर में प्रवेश करने के बाद महिलाओं ने आभूषण आदि लेकर ठगी की घटना को अंजाम दिया और वहां से फरार हो गईं।
मामले में 12 सितंबर 2025 को गम्भीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आरोपियों की पहचान सामने आने पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई और आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि विवेचना में गिरफ्तार महिला के गिरोह में शामिल होने और अन्य साथियों के साथ आर्थिक लाभ के लिए अपराध करने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया।
₹25 हजार का इनाम घोषित था
गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रही आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने 7 सितंबर 2026 को ₹25 हजार का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर गम्भीरपुर पुलिस ने आजमगढ़-मोहम्मदपुर दयालपुर मोड़ के पास से आरोपी महिला को करीब 12:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पांच मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी महिला के खिलाफ गम्भीरपुर, फूलपुर और रानी की सराय थानों के अलावा जौनपुर के मछलीशहर थाने में भी मामले दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे सहित ठगी और चोरी से संबंधित कुल पांच अभियोग शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम के प्रयास का उल्लेख किया है।