आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद और सड़क दुर्घटना के बाद दो अलग-अलग मामलों में दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 12 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की।
भूमि विवाद में दो लोग निरुद्ध
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को उपनिरीक्षक राजनाथ यादव पुलिस टीम के साथ शेरवां गांव पहुंचे। वहां भूमि विवाद को लेकर प्रथम पक्ष के प्रमोद सोनकर (42) और दूसरे पक्ष के दीपक सोनकर (30) के बीच विवाद हो रहा था।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दोनों शांत होने के बजाय आपस में विवाद बढ़ाने और मारपीट पर आमादा हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पुलिस अभिरक्षा में थाने ले गई।
सड़क दुर्घटना के बाद 10 लोगों में विवाद
दूसरी घटना 14 सितंबर की है। पुलिस के मुताबिक, ठाकुर द्वारा के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक पंकज यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां वाहन टकराने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद चल रहा था।
पहले पक्ष में राहुल अग्रहरी, सिद्धार्थ गुप्ता उर्फ बंटी गुप्ता, अंकित गुप्ता, विशाल कुमार और लकी प्रजापति तथा दूसरे पक्ष में शाह आलम, अमीर आलम, जमीर, फकरे आलम और काशिक शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन विवाद बढ़ने और शांति भंग की आशंका को देखते हुए सभी 10 लोगों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं में कुल 12 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कार्रवाई का उद्देश्य विवाद को बढ़ने से रोकना और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।