Breaking News

ईशदत्त यादव की 27वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, समाजवादी आंदोलन में योगदान को किया याद


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में रहे वरिष्ठ नेता, अधिवक्ता एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय ईशदत्त यादव की 27वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को नेहरू हाल, कलेक्ट्रेट में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन से जुड़े योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद एवं मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव ने कहा कि स्वर्गीय ईशदत्त यादव ने चौधरी चरण सिंह और मुलायम सिंह यादव के साथ रहकर समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने में भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि ईशदत्त यादव गरीबों, किसानों, दलितों और वंचित वर्गों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक हितों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे।

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव, पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव और पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा समेत अन्य नेताओं ने भी स्वर्गीय ईशदत्त यादव से जुड़े संस्मरण साझा किए। वक्ताओं ने उनके संघर्ष और समाजवादी विचारधारा से जुड़े कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की। उन्होंने संगठन को मजबूत करने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। स्वर्गीय ईशदत्त यादव के पुत्र एवं पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव ने अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्रद्धांजलि सभा में विधायक डॉ. संग्राम यादव, कमलाकांत राजभर, डॉ. एचएन सिंह पटेल, पूजा सरोज, बेचई सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव और राकेश कुमार यादव गुड्डू समेत बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी के राजनीतिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने से जुड़े संकल्प भी व्यक्त किए।

और नया पुराने