Breaking News

निर्वाचन आयोग का अधिकारी बनकर महिला बीएलओ से ₹81 हजार की ठगी, साइबर सेल ने पूरी रकम लौटाई


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। निर्वाचन आयोग का अधिकारी बनकर साइबर ठग ने एक महिला बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को ऑनलाइन मीटिंग के बहाने जाल में फंसा लिया। व्हाट्सएप पर भेजे गए संदिग्ध लिंक के जरिए मोबाइल की स्क्रीन शेयर कराकर उसके खाते से 81 हजार रुपये निकाल लिए गए। शिकायत मिलने पर साइबर सेल आजमगढ़ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी रकम पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी।

पुलिस के मुताबिक, जीयनपुर थाना क्षेत्र के मसोना गांव निवासी सुमन राजभर पत्नी विजय शंकर बीएलओ के पद पर कार्यरत हैं। निर्वाचन संबंधी कार्य के दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को निर्वाचन आयोग का वरिष्ठ अधिकारी बताया और ऑनलाइन मीटिंग में शामिल होने के नाम पर व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा।

पीड़िता ने लिंक खोला तो साइबर ठग ने उनसे मोबाइल की स्क्रीन शेयर कराई। इसके बाद पेटीएम वॉलेट और यूपीआई के माध्यम से उनके बैंक खाते से 81 हजार रुपये की रकम निकाल ली गई। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।

बैंक और पेमेंट गेटवे से समन्वय कर वापस कराई रकम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में साइबर सेल ने मामले में त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने संबंधित बैंक और पेमेंट गेटवे से संपर्क कर ठगी की रकम को होल्ड कराया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 81 हजार रुपये पीड़िता के मूल बैंक खाते में वापस करा दिए गए।

पूरी धनराशि वापस मिलने पर महिला बीएलओ ने आजमगढ़ पुलिस और साइबर सेल के प्रति आभार जताया।

साइबर ठगी से बचने की अपील

साइबर पुलिस ने लोगों और सरकारी कर्मचारियों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाले फोन और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहें। किसी भी व्यक्ति के कहने पर मोबाइल की स्क्रीन शेयर न करें और सरकारी अधिकारी बताने वाले व्यक्ति की पहचान की पुष्टि जरूर करें।

साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

कार्रवाई करने वाली टीम: उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश जायसवाल, आरक्षी अमित कुमार सरोज और आरक्षी जयप्रकाश प्रजापति शामिल रहे।


और नया पुराने