Breaking News

इंस्टाग्राम पर लाइसेंसी राइफल के साथ रील डालने पर युवक पर कार्रवाई


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत अहरौला पुलिस ने युवक को चिन्हित कर गिरफ्तार किया, अभिभावक की मौजूदगी में की काउंसलिंग

अहरौला (आजमगढ़)। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाकर उसका प्रदर्शन करने के मामले में अहरौला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, युवक ने इंस्टाग्राम पर लाइसेंसी राइफल के साथ रंगबाजी प्रदर्शित करने वाली रील पोस्ट की थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन तथा भ्रामक एवं आपत्तिजनक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अहरौला पुलिस को इंस्टाग्राम पर itz_yadav_sarkar नामक आईडी से लाइसेंसी राइफल के साथ रील पोस्ट किए जाने की जानकारी मिली।

पुलिस ने संबंधित युवक की पहचान उमाशंकर यादव पुत्र हीरालाल यादव, निवासी ग्राम शमशाबाद, थाना अहरौला के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, थाना परिसर में युवक के अभिभावक की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग भी की गई। इस दौरान उसे सोशल मीडिया के जिम्मेदाराना इस्तेमाल, हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन से संबंधित कानून-व्यवस्था और इसके संभावित दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई।

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय या असुरक्षा का माहौल पैदा करने वाले कृत्यों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: उपनिरीक्षक पवन कुमार शुक्ला, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़।

और नया पुराने