दो बाइकों से पहुंचे छह युवकों पर पीछा कर हमला करने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
बिलरियागंज/आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर सियरहां के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर शुक्रवार को साइड मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद दो बाइकों पर सवार करीब छह युवकों ने बाइक सवार दो युवकों का पीछा कर उन्हें रोक लिया और मारपीट कर दी। घटना में दोनों युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, देवरिया जनपद के लक्ष्मीपुर निवासी सूरज निषाद (25) पुत्र रामाशीष अपने साथी पवन निषाद (26) के साथ बाइक से पोल्ट्री फार्म में वैक्सीनेशन का कार्य पूरा कर घर लौट रहे थे। श्रीनगर सियरहां के पास सर्विस लेन पर एक व्यक्ति सड़क के बीच मोबाइल से बात कर रहा था। बताया गया कि बाइक सवारों ने उससे रास्ते से हटकर साइड देने को कहा, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद सूरज और पवन बाइक से आगे निकल गए। आरोप है कि कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद दो बाइकों से करीब छह युवक उनका पीछा करते हुए पहुंचे। युवकों ने ओवरटेक कर बाइक रुकवाई और दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में दोनों घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बिलरियागंज थाने ले गई। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर मिलने के बाद बिलरियागंज पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।