आज़मगढ़।
रिपोर्ट- वीर सिंह
आजमगढ़ 22 अप्रैल-- जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि भारत सरकार ने उज्ज्वला योजना के सभी उपभोक्ताओं के लिए अगले तीन महीनों के लिए मुफ्त रिफिल की घोषणा की है, अर्थात् 01 अप्रैल 2020 से 30 जून 2020, इसके अन्तर्गत जनपद आजमगढ़ के 224094 पीएमयूवाई (प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना) लाभार्थी 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेण्डर मुफ्त पाने के हकदार होगें।
जिलाधिकारी ने कहा कि उज्जवला ग्राहक प्रतिमाह एक सिलेण्डर का हकदार है। लाभार्थी अंतिम रिफिल प्राप्त होने के 15 दिनों के बाद ही अगली रिफिल बुक कर सकता है। मई महिने में रिफिल का अग्रिम राशि पाने के लिये उन्हें अप्रैल महिने में दी गई अग्रिम राशि से अपना मुफ्त सिलिंडर लेना अनिवार्य होगा। बुकिंग के पश्चात एलपीजी सिलेण्डर की डिलवरी होने के बाद ही उपभोक्ताओं के खाते में अगली किश्त अन्तरित होगी। रिफिल की बुकिंग आईवीआरएस या पंजीकृत मोबाइल नम्बर के माध्यम से की जानी चाहिए। रिफिल पावती ओटीपी आधारित/लाट-लॉन्ग कैप्चर/अंडरटेकिंग हो सकती है, इसके अलावा कैश-मेमो सिग्नेचर और ब्लू बुक एंट्री भी हो सकती है।
जिलाधिकारी ने एलपीजी ग्राहकों को रिफिल प्राप्त करने के लिए अपने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरी के शोरूम और गोदामों में घबराहट से बुकिंग का सहारा नहीं लेने की सलाह दी है, वे एसएमएस/आईवीआरएस, व्हाट्सएप (75888-88824) या ऑनलाइन IndianOilOne मोबाइल ऐप या https://cx.indianoil.in या @पेटीएम के माध्यम से अपने स्वयं के घरों से रसोई गैस की रिफिल बुक कर सकते है। कोविड-19 के मद्देनजर मुद्रा नोटों के अनावश्यक हैंडलिंग से बचने के लिए ग्राहकों को जहां भी सम्भव हो डिजिटल भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। एलपीजी आपातकालीन हेल्पलाइन नम्बर 1906 भी पूरी तरह से चालू है।