आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 23 जून-- पूरे प्रदेश में 2020-21 में जुलाई के प्रथम सप्ताह में तिथि निर्धारित कर 25 करोड़ पौधे लगाये जाने का लक्ष्य है। इस प्ररिप्रेक्ष्य में जनपद आजमगढ़ में 4351730 पौधरोपण किया जाना है। 2020-21 में किये जाने वाले पौधरोपण के लक्ष्य हेतु बनाये गये माइक्रो प्लान की समीक्षा जिलाधिकारी राजेश कुमार द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में की गयी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिये कि अपने माइक्रो प्लान के अनुसार गड्ढ़ों की खुदाई एवं मांग पत्र दो दिन के अन्दर पूर्ण कर लें तथा मांग पत्र के अनुसार पौधों का उठान भी प्रारम्भ कर लें, जिससे कि समय के अन्दर पौधों का उठान हो सके।
जिलाधिकारी ने सभी नगर पालिका/नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहर एवं नगर क्षेत्रों में रोड के किनारे एक पटरी पर एक ही किश्म के पौधों का रोपण करें, जिसमें गुलमोहर, कचनार, अमलतास को प्राथमिकता दें।
जिलाधिकारी ने एक्सीयन पीब्ल्यूडी को निर्देश दिये कि वे भी अपनी सड़कों के एक पटरी पर एक ही किश्म के पौधे लगायें और शहर क्षेत्र में लम्बे और सुन्दर पौधे लगायें।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत अजमतगढ़, अतरौलिया तथा जीयनपुर में गड्ढ़े की खुदाई का कार्य पूर्ण न होने पर नाराजगी व्यक्त किया तथा सभी नगर पंचायतों को पेड़ के साथ ट्री गार्ड लगाने तथा उस पर वर्ष 2020-21 लिखवाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने सभी ब्लाकों में टास्क फोर्स गठन करने के निर्देश दिये जो पौधरोपण हेतु गड्ढ़ों की खुदाई, रोपण के कार्याें की निगरानी एवं कार्ययोजना में मदद करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, डीएफओ अयोध्या प्रसाद, डीसी मनरेगा बीबी सिंह, एक्सीयन पीब्ल्यूडी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
