Breaking News

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के नेता चंद्रदेव राम यादव करैली पहुंचे टेकनपुर रिंगबांध पर, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आज़मगढ़: पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के नेता चंद्रदेव राम यादव करैली ने आज सगड़ी तहसील के टेकनपुर जोकहरा रिंग बांध का मौके पर जाकर हाल जाना, जहां ग्रामीणों ने बताया कि 1980 में उक्त बांध बनाया गया था, लेकिन आज तक इसकी मरम्मत नहीं हुई थी।बांध टूटने से चार-पांच दिन पूर्व से ही पानी का रिसाव हो रहा था, जिसकी स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों को सूचना दिया।लेकिन किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और मौके पर ना तो कोई अधिकारी ना कोई कर्मचारी आया। जिसका नतीजा रहा की बांध टूट गया, इसके बाद आनन-फानन में प्रशासन के लोग पहुंचे और बांध के मरम्मत की खानापूर्ति करने लगे, लेकिन कई दिन तक बांध की मरम्मत नहीं हो सकी, जिसके चलते बाढ़ का पानी ग्रामीणों के घरों में घुस गया और उनका सारा सामान नष्ट हो गया, यहां तक कि खाने पीने का सामान भी नहीं बचा जिससे किसानों के सामने काफी संकट पैदा हो गया।
पूर्व मंत्री ने शासन प्रशासन से मांग की है कि- व्यापक रूप से सर्वे कराकर किसानों की फसल और उनके घरों को हुए नुकसान का उन्हें मुआवजा दिया जाए एवं पशुओं के चारे की व्यवस्था की जाए। इसी दौरान हाजीपुर चट्टी पर कुछ लोगों ने शिकायत की कि आधा दर्जन गांवों में बिजली का खंभा टूट गया है, जिसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, इस पर पूर्व मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से मोबाइल पर बात कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया और विद्युत व्यवस्था को ठीक करने का अनुरोध किया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि- शासन प्रशासन के लोग अगर इस पर पूरी तरह ध्यान देकर बंधे की सही ढंग से मरम्मत नहीं कराते हैं और किसानों के हुए नुकसान का संज्ञान नहीं लेते हैं, तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी और किसानों के हक में आंदोलन के लिए बाध्य होगी । 



और नया पुराने