Breaking News

जिला स्तरीय उद्योग बन्धु/स्वरोजगार बन्धु की बैठक सम्पन्न हुई।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ 28 अगस्त-- जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु/स्वरोजगार बन्धु की बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर विद्युत सब्सिडी से संबंधित समीक्षा में हथकरघा विभाग को बुनकरों की सब्सिडी दिये जाने के लिए 3125 बुनकरों की सूची उपलब्ध करायी गयी थी, जिसमें अभी तक 1100 बुनकरों का सर्वे किया गया है। जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए हथकरघा विभाग के सहायक आयुक्त को निर्देश दिये कि बचे हुए बुनकरों का सर्वे 15 दिन के अन्दर फोटोग्राफ्स के साथ उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। सर्वे के फोटोग्राफ्स में बुनकर का नाम व सर्वे की तिथि प्रदर्शित होनी चाहिए। 
सहायक आयुक्त हथकरघा के बैठक में अनुपस्थित पाये जाने पर जिलाधिकारी ने चेतावनी जारी करने के लिए उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिये।
मिनी औद्योगिक आस्थान सुदनीपुर फूलपुर की समीक्षा में जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिये कि मिनी औद्योगिक आस्थान सुदनीपुर फूलपुर के ऊपर से गये हुए तार एवं स्थापित विद्युत स्टेशन के विस्थापन सम्बन्ध में एसडीएम सदर व विद्युत वितरण प्रथम खण्ड के अधिशासी अभियन्ता के साथ बैठक कर उक्त प्रकरण का निस्तारण जल्द से जल्द कराना सुनिश्चित करंे।
मिनी औद्योगिक आस्थान के स्वतंत्र विद्युत फीडर से आवासीय व्यक्तियों को कनेक्शन दिया गया है, उसे हटाने के लिए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण प्रथम खण्ड को निर्देश दिये। इसी के साथ ही औद्योगिक आस्थान सर्फुद्दीनपुर आजमगढ़ में जो भी इकाईयाॅ बन्द हो गयी हैं, उन्हें चालू कराने के लिए जिलाधिकारी ने उपायुक्त को निर्देश दिये कि तुरन्त नोटिस जारी करें, यदि ऐसी इकाईयाॅ चालू नही होती है तो उसके विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि निवेश मित्र आनलाइन पोर्टल के माध्यम से निवेश मित्र योजना जनपद में संचालित है। इस पर कोई भी उद्यमी विभिन्न विभागों से संबंधित एनओसी/लाइसेंस प्राप्त करने हेतु आनलाइन आवेदन कर सकता है। 
समीक्षा के दौरान पाया गया कि श्रम विभाग में 06, खाद्य सुरक्षा एवं ड्रग प्रशासन में 10, रजिस्ट्रार फर्म सोसाइटी एवं चिट्स में 03, उ0प्र0 फायर सर्विस में 01, बाॅट-माप में 01 लम्बित आवेदन पाये गये। जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि उक्त लम्बित आवेदनोें को कल तक निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
व्यापार बन्धुओं द्वारा अवगत कराया गया कि दलाल घाट के सड़क की स्थिति बहुत ही खराब हो गयी है। जिस पर जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका आजमगढ़ को निर्देश दिये कि सोमवार तक जहाॅ-जहाॅ गड्ढ़े हैं, उसको भरकर फोटोग्राफ्स के साथ रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। 
पीओ डूडा द्वारा बताया गया कि स्ट्रीट वेण्डरों के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना चालू है, जिसके अन्तर्गत स्ट्रीट वेण्डरों को कोरोना काल में उनके व्यवसाय में गति प्रदान करने के लिए 10 हजार रू0 की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए स्ट्रीट वेण्डर का नगर पालिका में पंजीकरण कराया जाना अनिवार्य है और पंजीकरण के लिए स्ट्रीट वेण्डर का आधार कार्ड व वोटर आईडी होना आवश्यक है। 
जिलाधिकारी ने पीओ डूडा को निर्देश दिये कि एलडीएम यूबीआई व ईओ नगर पालिका आजमगढ़ के साथ मिलकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में स्ट्रीट वेण्डरों का पंजीकरण कराने व उसको योजना का लाभ दिलाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर कैम्प के माध्यम से लाभ दिलायें।
जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका आजमगढ़ को निर्देश दिये कि नगर पालिका क्षेत्र के अन्तर्गत जितने भी ठेले वाले दुकानदार हैं, उनका एक सप्ताह के अन्दर पंजीकरण कराते हुए इस आशय का प्रमाण पत्र दें कि सभी का पंजीकरण करा दिया गया है।
आगे जिलाधिकारी ने व्यापारियों से कहा है कि दुकानों पर प्रायः यह देखने मे आ रहा है कि मास्क व सेनिटाइजर का प्रयोग नही किया जा रहा है। उन्होने व्यापारियों से अपील किया है कि कोरोना से बचाव के लिए दुकानों पर मास्क व सेनिटाइजर का प्रयोग करायें, सोशल डिस्टेन्संग का पालन करायें और जो ग्राहक दुकानों पर आ रहे हैं, उनके हाथों को सेनिटटाइज करें, अपने सुरक्षित रहते हुए अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल, डीडीएम नाबार्ड शशि भूषण, उपायुक्त उद्योग प्रवीण कुमार मौर्य, एलडीएम यूबीआई शंकर चन्द सामन्त, अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड प्रथम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आजमगढ़, व्यापार मण्डल के अध्यक्ष सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और नया पुराने