बदायूं।
बदायूं: वजीरगंज थाने के अंदर एक सिपाही ने मंगलवार की रात शराब पीकर हंगामा कर दिया। समझाने पर साथियों के साथ गाली-गलौच की। बाद में सरकारी असलहा लहराकर फायर भी कर दिया जिससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया।उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया जिसमें एल्कोहल की पुष्टि हुई है। इस पर नवागत एसएसपी संकल्प शर्मा ने उसे लाइन हाजिर कर दिया है। यह मामला रात का है। उस समय पुलिस लाइन में तत्कालीन एसएसपी का विदाई समारोह कार्यक्रम चल रहा था। वहीं वजीरगंज थाने में तैनात सिपाही शमशेर ने शराब के नशे में हंगामा कर दिया था। बताते हैं कि सिपाही शाम के समय शराब पीकर आया। उस समय कुछ सिपाही थाने में बैठे हुए थे। सिपाही इतने नशे में था कि वह सिपाहियों से अभद्रता करने लगा। यह देख एसओ प्रदीप यादव आ गए। उन्होंने सिपाही को समझाने का प्रयास किया। तभी सिपाही ने सरकारी पिस्टल लेकर फायर कर दिया। इसकी आवाज सुनकर थाने के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। सिपाही की हरकत देख एसओ ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। उनके आदेश पर सिपाही को सैदपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उसका मेडिकल परीक्षण हुआ। वहीं एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि वजीरगंज थाने में सिपाही ने शराब पीकर हंगामा किया। उसने कुछ पुलिस कर्मियों के साथ भी बदतमीजी की। पिस्टल से फायर करने की बात की पुष्टि नहीं हुई है। सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच बिसौली सीओ को दी गई है।
"पुलिस ने कराया सिपाही का मेडिकल परीक्षण, सीओ बिसौली करेंगे मामले की जांच।
रिपोर्ट: यीशु दास
