Breaking News

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद आजमगढ़ की जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ 29 सितम्बर-- जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद आजमगढ़ की जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर डॉ0 दीनानाथ यादव, अभिहित अधिकारी आजमगढ़, द्वारा बैठक के एजेंडे से समिति के सदस्यों को खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तृत रूप से समिति के सदस्यों को अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि ईट राइट चैलेंज इंडिया इनीशिएटिव के अंतर्गत ईट राइट कैंपस योजना के तहत विभिन्न कार्य स्थलों यथा राजकीय तथा गैर सरकारी कार्यालयों, बड़े संस्थानों एवं कारागार आदि परिसरों के कार्यरत व्यक्तियों के मध्य स्वस्थ खान-पान की आदत विकसित करने हेतु उन्हें जागरूक किया जाना है, जिसके अंतर्गत जनपद में 05 ईट राइट कैंपस का चयन करने हेतु निर्देशित किया गया, जिसमें मुख्य रुप से विभिन्न अस्पतालों, कार्यालयों, कारागार, बस एवं रेलवे स्टेशन परिसरों आदि में संचालित कैंटीन तथा विभिन्न विद्यालयों में संचालित कैंटीन को सम्मिलित किया जाना है।
जनपद में ईट राइट इनिशिएटिव के अंतर्गत क्लीन स्ट्रीट फूड हब योजना संचालित की जा रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद के विभिन्न स्थानों पर जहां बहुतायत में सड़क के किनारे पटरी पर खाद्य पदार्थ बनाए वह बेचे जा रहे हो, ऐसे स्थानों पर विशेष स्ट्रीट फूड हब विकसित किया जाना है। इस कार्यक्रम के माध्यम  से जनपद में नगर पालिका की सहायता से कम से कम 02 क्लीन स्ट्रीट फूड हब निर्माणाधीन पार्को के पास स्थापित किये जाने के लिए जिलाधिकारी ने अभिहीत अधिकारी को निर्देश दिये।
जनपद में ईट राइट इनिशिएटिव के अंतर्गत हाइजीन रेटिंग एंड राइट प्लेस टू ईट योजना चलाई जा रही है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने वाले खाद्य कारोबार कर्ताओं को हाइजीन रेटिंग प्रदान करना है। नागरिकों को हाइजीन रेटिंग के आधार पर खाद्य सुरक्षा के मानकों का उच्च स्तर स्थापित करने वाले खाद्य कारोबार कर्ताओं के बारे में जानकारी प्राप्त हो सकेगी, जिससे वे सुरक्षित एवं स्वस्थ खाद्य उपलब्ध कराने वाले खाद्य कारोबार कर्ताओं का चयन कर सकेंगे। इस हेतु जिलाधिकारी द्वारा अभिहीत अधिकारी को खाद्य कारोबार कर्ताओं का वर्कशॉप कराने हेतु निर्देशित किया गया। 
इसी के साथ ही जनपद में क्लीन एंड फ्रेश फ्रूट एंड वेजिटेबल मार्केट कार्यक्रम के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं स्वस्थ फल एवं सब्जी उपलब्ध कराने हेतु व्यापक दिशा-निर्देश एवं कार्य योजना बनाए जाने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गये, जिससे स्वच्छ ताजे फल एवं सब्जी की उपलब्धता सुनिश्चित्त किया जा सके। जिलाधिकारी द्वारा जनपद में कम से कम दो क्लीन एंड फ्रेश फ्रूट एंड वेजिटेबल मार्केट की स्थापना मंडी समिति के सहयोग से विकसित किए जाने हेतु अभिहीत अधिकारी को निर्देशित किया गया।
जनपद में ईट राइट स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को स्वस्थ सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन के संबंध में जागरूक करते हुए विद्यालयों में सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराए जाने के संबंध में बच्चों में सेव एंड हेल्दी फूड हैबिट को विकसित करने की योजना जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के सहयोग से जनपद में ई-क्लास के माध्यम से कम से कम 05 विद्यालय प्रतिमाह ईट राइट स्कूल घोषित किए जाने पर चर्चा हुई।
अभिहित अधिकारी द्वारा बताया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में कुल 25 नमूने विभिन्न खाद्य पदार्थ के संग्रहित किए गए एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष में 98 रिपोर्ट प्राप्त हुई जिसमें से 57 रिपोर्ट मानक के अनुरूप ना पाए जाने के कारण संबंधित न्यायालय में वाद दायर किया जा रहा है। इसी प्रकार औषधि अनुभाग द्वारा वित्तीय वर्ष में 12 स्थानों पर छापेमारी करते हुए 12 नमूने संग्रहित किए गये।
जिलाधिकारी ने जनपद के शत-प्रतिशत खाद्य कारोबार कर्ताओं को खाद्य लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन से आच्छादित किए जाने हेतु संबंधित विभाग, नागरिक आपूर्ति, मंडी आदि को आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु निर्देशित किया। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को सुनिश्चित कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को निरंतर छापेमारी की कार्यवाही एवं निरीक्षण करने हेतु निर्देशित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुधीर जायसवाल, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, औषधि निरीक्षक अरविंद कुमार, समस्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी, उपायुक्त (उद्योग) प्रवीण कुमार मौर्य, उपायुक्त जीएसटी एके बनर्जी, डाइटिशियन प्रिया श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

और नया पुराने