Breaking News

त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली 2020 के वृहद् पुनरीक्षण कराये जाने हेतु निर्धारित संशोधित कार्यक्रम जारी।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ 05 दिसम्बर-- जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पं0) राजेश कुमार ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि राज्य निर्वाचन आयोग, उ0प्र0 लखनऊ की संशोधित अधिसूचना द्वारा त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली 2020 के वृहद् पुनरीक्षण कराये जाने हेतु निर्धारित विवरण के अनुसार संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। 
उन्होने बताया कि 13 नवम्बर 2020 से 26 दिसम्बर 2020 तक ड्राफ्ट नामावलियों की कम्प्यूटरीकृत पाण्डुलिपि तैयार करना, 27 दिसम्बर 2020 तक ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, 28 दिसम्बर 2020 से 03 जनवरी 2021 तक ड्राफ्ट के रूप में प्रकाशित निर्वाचक नामावली का निरीक्षण, 28 दिसम्बर 2020 से 03 जनवरी 2021 तक  दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त करना (01 जनवरी 2021 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी निर्वाचकों के भी दावे स्वीकार किये जायेंगे), 04 जनवरी 2021 से 11 जनवरी 2021 तक दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण, 12 जनवरी 2021 से 21 जनवरी 2021 तक दावे और आपत्तियों के निस्तारण के उपरान्त पूरक सूचियों की पाण्डुलिपियों की तैयारी तथा उन्हें मूल सूची में यथास्थान समाहित करने की कार्यवाही तथा 22 जनवरी 2021 को निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अन्तिम प्रकाशन किया जायेगा।
उपर्युक्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण एवं प्रकाशन जनवरी 2021 में हो रहा है, अतः ऐसे अर्ह नागरिक जो दिनांक 01 जनवरी 2021 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनके द्वारा अपना नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किये जाने हेतु दावा प्रस्तुत किया जाएगा। ऐसे निर्वाचकों का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किये जाने हेतु प्राप्त दावों को स्वीकार करते हुए निर्वाचक नामावली में नियमानुसार सम्मिलित किये जाने की कार्यवाही की जाएगी। 
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि अपर जिलाधिकारी (प्र0)/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पं0) एवं समस्त उपजिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पं0) द्वारा अपने क्षेत्राधिकार के अन्तर्गत त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम का प्रमुख स्थानीय समाचार पत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा सार्वजनिक जानकारी हेतु समस्त सम्बन्धित कार्यालयों के सूचना पट्ट पर भी यह कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाएगा। निर्वाचक नामावली के वृहद् पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेंगे तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्यवाही पूर्ण करायी जायेगी।

और नया पुराने