Breaking News

69000 सहायक अध्यापक भर्ती में नवनियुक्त शिक्षकों को मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह कार्यक्रम का शुभारंभ।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ 05 दिसम्बर-- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अपने आवास कालीदास मार्ग, लखनऊ से बेसिक शिक्षा में नवनियुक्त 69000 सहायक अध्यापक भर्ती के द्वितीय चरण में 36590 पदों के सापेक्ष नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का वीडियो कांफ्रेन्सिंग के माध्यम से शुभारम्भ किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिकात्मक रूप से 05 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया गया, जिसमें पूजा शुक्ला, नेहा, नवीन राणा, सरिता सिंह, नीरज कुमार मौर्य शामिल हैं। 
इसी के साथ ही मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा जनपद बदायुं, गोंडा, हरदोई, महोबा एवं रामपुर के नवनियुक्त शिक्षकों से संवाद किया गया एवं उनको बधाई दी। 
मा0 मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बच्चों को पूरे मनोयोग के साथ निष्ठा से पढ़ायें एवं अपने आप को नये-नये तकनीकों के साथ अपडेट रखें, तभी एक सफल शिक्षक बनेंगे, अपने ज्ञान एवं योग्यता का लाभ बच्चों को दें, जिससे देश की आधारशीला मजबूत होगी और बच्चे आगे बढ़ंेगे एवं देश का नाम रौशन करेंगे।
किसी भी पाठ्यक्रम के सरलीकरण के बारे में सोचें, जिससे बच्चों को आसानी से समझ में आ सके, बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करें और पढ़ाई के प्रति उनमें रूचि पैदा करें एवं बच्चों तथा अभिभावकों के साथ सीधा संवाद रखें।
इस अवसर पर मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बेसिक शिक्षा डाॅ0 सतीश चन्द्र द्विवेदी द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग के उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया गया। परिषदीय विद्यालयों में 69000 सहायक अध्यापकों के भर्ती के द्वितीय चरण में 36590 पदों के सापेक्ष शिक्षकों को प्रदेश के सभी जनपदों में नियुक्ति पत्र दिया गया। 
इसी क्रम में एनआईसी आजमगढ़ में जिलाधिकारी राजेश कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला द्वारा प्रतिकात्मक रूप से जनपद आजमगढ़ में चयनित 05 नवनियुक्त शिक्षकों में दीपक कुमार, सुनील कुमार पाण्डेय, कुमारी नीलम, निधि सिंह, पूजा वर्मा को नियुक्ति प्रदान किया गया। खण्ड शिक्षा अधिकारी महेन्द्र कुमार ने बताया कि जनपद में 151 नव नियुक्त शिक्षकों को सूची प्राप्त हुई थी, जिसमें 11 शिक्षकों द्वारा काउन्सिलिंग नही करायी गयी थी एवं 04 शिक्षकों के आनलाइन दस्तावेज त्रुटिपूर्ण पाये गये, इसके उपरान्त बचे हुए 136 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
इसी के साथ ही नेहरू हाल के सभागार में शेष नव नियुक्त शिक्षकों को जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डायट अमरनाथ राय, खण्ड शिक्षा अधिकारी महेन्द्र कुमार उपस्थित रहे। 

और नया पुराने