आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 16 जनवरी-- जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) राजेश कुमार ने बताया है कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 में सम्पन्न होने वाले निर्वाचन की तैयारी किये जाने का निर्देश दिया गया है।
उन्होने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि शसंवेदनशील/ अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र/स्थलों की सूची तैयार कर ली जाए तथा उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित कर सूची को अन्तिम रूप प्रदान करने की कार्यवाही पूर्ण करा ली जाए।
राज्य निर्वाचन आयोग, उ0प्र0 लखनऊ द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 के उपयोगार्थ उपलब्ध करायी गयी डिजिटल ई-बुक के अध्याय 2-मतदान केन्द्र/स्थल के बिन्दु 2.2 में मतदान केन्द्रों को सामान्य, संवेदनशील, अतिसंवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील+(प्लस) की श्रेणी में चिन्हीकरण किये जाने हेतु उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित करने का निर्देश दिया गया है।
उक्त के क्रम में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन -2021 में मतदान केन्द्रों को सामान्य, संवेदनशील, अतिसंवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील+(प्लस) की श्रेणी में चिन्हीकरण किये जाने हेतु समिति का गठन किया गया है, जिसमें उप जिलाधिकारी अध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी पुलिस उपाध्यक्ष, तहसीलदार सदस्य/सचिव, तहसील अन्तर्गत समस्त खण्ड विकास अधिकारी सदस्य तथा तहसील अन्तर्गत समस्त थानाध्यक्ष सदस्य होंगे।
आयोग के सन्दर्भित ई-बुक में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रत्येक जनपद में जितने अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र हैं, उनमें भी ऐसे मतदान केन्द्र जो अपेक्षाकृत और अधिक सवेंदनशील हैं, उन्हें अतिसवेदनशील+(प्लस) की श्रेणी में सूचीबद्ध किया जाए और ऐसे मतदान केन्द्रों की मतदान प्रारम्भ होने से लेकर समाप्त होने तक की वीडियोग्राफी कराई जाए। एसे कुल मतदान केन्द्रों की संख्या जनपद के कुल मतदान केन्द्रों के 10 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। इन मतदान केन्द्रों पर यदि ऐसी कोई अप्रिय घटना घटित होती है जिसके परिणामस्वरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी निर्वाचन में व्यवधान अथवा गतिरोध उत्पन्न होता है, जो शान्तिपूर्ण मतदान को प्रभावित करे और आयोग के सज्ञान में आता है अथवा लाया जाता है अथवा आयोग आवश्यक समझता है तो ऐसे अतिसवेंदनशील+ (प्लस) की श्रेणी में सूचीबद्ध मतदान केन्द्र/केन्द्रों के वीडियोग्राफी की रिकार्डिंग आयोग किसी भी समय माँग सकता है।
अतः ऐसी समस्त वीडियोग्राफी की रिकार्डिंग को सरंक्षित रखा जाएगा। ऐसे सूचीबद्ध किए गए सभी अतिसवंदेनशील+(प्लस) मतदान केन्द्रों की सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए सॉफ्टवेयर पर भी अपलोड की जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 में मतदान केन्द्रों को सामान्य, संवेदनशील, अतिसंवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील+(प्लस) की श्रेणी में चिन्हीकरण कराकर संलग्न निर्धारित प्रारूप पर सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय), आजमगढ़ में उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें।