आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 25 जनवरी 2021 -- भारत निर्वाचन आयोग के अन्तर्गत सगड़ी तहसील परिसर में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस का शुभारम्भ एसडीएम सगड़ी वागीश कुमार शुक्ल, सीओ सगड़ी अजय कुमार यादव, तहसीलदार बिजेंद्र उपाध्याय ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान मतदाताओं को सपथ भी दिलाई गई। । सभी ने शपथ लेते हुए कहा कि- हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूरी आस्था रखते हुए हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे। स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्य रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इस अवसर पर प्रखर समाजिक सेवा समिति के बच्चों और कस्तूरबा स्कूल जीयनपुर के छात्र, छात्राओ द्वारा सरस्वती वन्दना, स्वागतगीत प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में, मतदाता जागरूकता नृत्य, गीत, देश भक्ति समूह नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति की गयी। जो काफी सरायहनी रहा।
इसी के साथ ही भोजपुरी गायक कलाकार शाहआलम सांवरिया ने मतदाता जागरूकता गीत प्रस्तुत कर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। नृत्य में शिखा सिंह श्वेता सिंह दीक्षा सचिन और लकी आदि शामिल रहे।
निर्वाचन कार्य मे अपनी अहम भागीदारी निभाने के लिए तहसील कर्मियों बीएलओ आदि को उप जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ल व तहसीलदार बिजेंद्र उपाध्याय द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। साथ में प्रखर सामाजिक सेवा समिति के प्रबंधक राजवंत सिंह को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बता दे राजवंत सिंह को 2015 से लेकर अब तक मतदाता उत्कृष्ट पुरस्कार मिलता रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपजिलाधिकारी सगड़ी वागीश कुमार शुक्ल ने अपील करते हुए कहा कि- सभी मतदाता अपने मतदान का प्रयोग अवश्य करें। इससे लोकतन्त्र मजबूत होगा।जनप्रतिनिधि का चुनाव बिना किसी प्रलोभन के करें। जाति धर्म क्षेत्र भाषा आदि से ऊपर उठकर अपना विवेक इस्तेमाल करके निष्पक्ष मतदान करें। वोट देना हब सबका राष्ट्रीय कर्तव्य है। हमारा यह लोकतंत्र काफी मुश्किल से मिला है। इसके लिए हमारे देश के सपूतों ने काफी संघर्ष किया। इसलिए इसके महत्व को समझना होगा। हम सब संकल्प लें कि लोकतंत्र के महायज्ञ में मतदान रूपी आहूति अनिवार्य रूप से देंगे। तभी स्वच्छ लोकतंत्र की कल्पना की जा सकती है।
कार्यक्रम का संचालन हरकेश मिश्रा और राजवंत सिंह ने किया।
इस दौरान कार्यक्रम में तहसील के अधिकारियों कर्मचारियों अधिवक्ताओं सहित सैकड़ों आमजन मौजूद रहे।





