Breaking News

फुलचन्द ग्रामीण महिला पीजी कॉलेज नरहन खास में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस, छात्राओं ने की मनमोहक प्रस्तुति।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आज़मगढ़: ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। स्कूली बच्चे पूरी तरह से देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। स्कूलों में आयोजित प्रत्येक कार्यक्रम देशभक्ति एवं कर्तव्य के प्रति जागरूकता के रंग में रंगा हुआ था।
सगड़ी तहसील की नरहन खास में फुलचन्द ग्रामीण महिला पीजी कॉलेज में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया।
जिसमें छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में सीओ सगड़ी अजय कुमार यादव रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किये गए देश भक्ति नृत्य संगीत रहे। छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें देश प्रेम की गूंज चारों ओर सुनाई दी। कालेज की छात्राओं ने अपने देश की  बहुमूल्य संस्कृति की अनूठी छवि प्रस्तुत कर सभी को देश प्रेम की भावना से ओतप्रोत किया।

इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी सगड़ी अजय कुमार यादव द्वारा गरीबों को कंबल वितरण भी किया गया। इस मौके पर उन्होंने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि- गणतंत्र दिवस पर बच्चियों ने जो प्रस्तुति की वह सराहनीय है। आज के दौर में बेटियां हर जगह अपना हुनर दिखा रही है। माता पिता को कभी भी बेटे और बेटियों में फर्क नहीं समझना चाहिए।

आगे उन्होंने बताया कि- शासन प्रशासन द्वारा महिला मिशन शक्ति के माध्यम से बेटियों की सुरक्षा पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसके लिए कई हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। जैसे वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्प लाइन नंबर 181, चिकित्सीय सहायता के लिए 108 तथा पुलिस सहायता के लिए 112 व चाइल्ड लाइन हेल्पलाइन नंबर 1098 उपलब्ध कराए गए हैं। 
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक शिवकुमार यादव ने कहा कि- युवा पीढ़ी हमारे सशक्त भारत की पहचान है। अत: हम सब का यह दायित्व है कि हम अपने देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने में अपना पूर्ण सहयोग दें। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक ने आए हुए अतिथियों का आभार भी जताया।

और नया पुराने