आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 16 फरवरी-- मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अन्तर्गत प्रतिभावान, मेधावी व लगनशील एवं परिश्रमी सभी संवर्गों के छात्र/छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु निःशुल्क कोचिंग का शुभारम्भ मा0 मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मण्डल मुख्यालय पर शुभारम्भ किया गया है।
इसी क्रम में आज डीएवी पीजी कालेज आजमगढ़ में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजनान्तर्गत छात्र/छात्राओं हेतु निःशुल्क कोचिंग का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मॉ सरस्वती के चित्र प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला द्वारा उपस्थित छात्र/छात्राओं को राष्ट्रीय मुद्दे के अन्तर्गत किसान बिल, भारत की अर्थ व्यवस्था, भारत विश्व की तीसरी अर्थ व्यवस्था कैसे बनेगी, इस पर विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी ने छात्र/छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मुद्दों पर गहरी नजर रखें, अपने ज्ञान का विस्तार बढ़ायें और छोटे-छोटे नोट्स बनायें, न्यूज पेपर को प्रतिदिन कम से कम एक घण्टा पढ़ें, जो राष्ट्रीय स्तर के मुद्दे हैं, उस पर विशेष ध्यान दें, उसके पक्ष एवं विपक्ष के बारे में सोचें। उन्होने यह भी कहा कि कॉमन मैन की तरह न सोचें। उन्होने बताया कि कोविड-19 के चलते भारत की जीडीपी काफी कम हो गयी है, लेकिन वर्ष 2021-22 में जीडीपी को आर्थिक सर्वे के अनुसार 11.5 प्रतिशत किया जाना है। अगर हमारे देश की जीडीपी प्रतिवर्ष 8 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ती रहे तो 2050 तक हमारी वर्ष व्यवस्था अमेरिका के बराबर पहुॅच सकती है। उन्होने बताया कि यह दशक भारत के उदय का दशक है। आगे उन्होने यह भी बताया कि अपनी बात को साबित करने के लिए हमें मुद्दों से संबंधित प्रापर डाटा रखने की आवश्यकता है, तभी हम अपनी बातों को मजबूती के साथ कह सकते हैं। उन्होने बताया कि इण्टरनेट पर आईएएस, पीसीएस की तैयारी करने से संबंधित तमाम सामग्री उपलब्ध है, उसका भी प्रयोग करें और सेलेबस के अनुसार पढ़ाई करें।
उप निदेशक समाज कल्याण ने छात्र/छात्राओं से कहा कि अभ्युदय योजनार्न्तत जो भी फार्म उपलब्ध कराये गये हैं उसे कल तक भरकर जमा कर दें, जिससे छात्र/छात्राओं का परिचय पत्र बनाया जा सके। उन्होने बताया कि कल दिनों 17 फरवरी 2021 को 4ः00 बजे से खण्ड विकास अधिकारी अतरौलिया द्वारा मध्यकालीन इतिहास पर छात्र/छात्राओं को लेक्चर दिया जायेगा।
आगे उन्होने बताया कि आजमगढ़ में चार शिक्षण संस्थाओं डीएवी पीजी कालेज, शिब्ली नेशनल पीजी कालेज, डीएवी इण्टर कालोज एवं शिब्ली नेशनल इण्टर कालेज में स्थापित स्मार्ट रूम में निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गयी है।
प्रभारी जिलाधिकारी ने डीएवी पीजी कालेज के प्रधानाचार्य को निर्देशित करते हुए कहा कि छात्र/छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था करायें एवं शौचालय के साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।



